हरियाणा वन विभाग के 831 पदों के लिए फिजिकल टेस्ट की तैयारी पूरी, एक से ज्यादा पदों के लिए नहीं लगानी होगी अलग दौड़
Yuva Haryana: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने वन विभाग के 831 पदों के लिए शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) की तैयारियां पूरी कर ली हैं। डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड के पदों के लिए यह परीक्षा 23 से 30 नवंबर 2026 तक करनाल में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि जिन अभ्यर्थियों ने एक से अधिक पदों के लिए आवेदन किया है, उन्हें हर पद के लिए अलग-अलग दौड़ नहीं लगानी होगी। ऐसे उम्मीदवारों का PST केवल एक बार ही लिया जाएगा।
आयोग के अनुसार, शारीरिक माप परीक्षण (PMT) में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। इनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रविवार को करनाल में परीक्षा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुरुषों को 25 और महिलाओं को 14 किलोमीटर दौड़ना होगा
PST में पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। दोनों वर्गों के लिए अधिकतम चार घंटे का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा के लिए करनाल में दादूपुर खुर्द गांव के पास नेशनल हाईवे-44 से लगती आउटर रिंग रोड पर व्यवस्था की गई है।
अभ्यर्थियों को निर्धारित 12.5 किलोमीटर के ट्रैक पर दौड़ना होगा और तय दूरी पूरी करने के लिए यू-टर्न लेकर वापस आना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट हुए उम्मीदवारों को शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट केवल एक बार देना होगा। इससे अभ्यर्थियों को बार-बार लंबी दूरी की दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बायोमेट्रिक जांच के बाद मिलेगी ट्रैकिंग चिप
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सबसे पहले अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। इसके बाद उन्हें बिब नंबर दिया जाएगा और पंजीकरण पूरा होने पर ट्रैकिंग चिप उपलब्ध कराई जाएगी। इस चिप के जरिए दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों की गतिविधियों और तय दूरी पूरी करने की निगरानी होगी।
दौड़ पूरी करने वाले उम्मीदवारों का समय फिनिशिंग प्वाइंट पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर भी प्रदर्शित किया जाएगा। परीक्षा स्थल पर प्रतीक्षा क्षेत्र और सामान रखने के लिए निशुल्क बैगेज काउंटर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
एडमिट कार्ड दिखाने पर हरियाणा रोडवेज में मुफ्त सफर
दूर-दराज के जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की गई है। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। करनाल बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा स्थल तक भी निशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोग के चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचने की सलाह दी है।
मेडिकल बोर्ड रहेगा उपलब्ध
PST के दौरान अभ्यर्थियों की चिकित्सा संबंधी समस्याओं के लिए मेडिकल बोर्ड भी उपलब्ध रहेगा। चिकित्सा आधार पर छूट की मांग करने वाले उम्मीदवारों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पंचकूला कार्यालय में आवेदन देना होगा। इसके साथ एडमिट कार्ड, मेडिकल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज भी ले जाने होंगे।
परीक्षा से जुड़ी शिकायत या जानकारी के लिए आयोग ने 079719-00047 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा में शामिल होने से पहले अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज तारीख, बैच और समय की जानकारी जरूर जांच लें।

