Yuva Haryana: 13वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत फैसला; ₹1,000 से ₹5,000 तक का जुर्माना और सरकारी नुकसान की होगी भरपाई
राज्य के निकाय (स्थानीय निकायों व पंचायतों) के एक-एक पैसे का हिसाब रखने और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने नया ऑडिट कानून लागू कर दिया है। 13वें वित्त आयोग (2010-2015) की सिफारिशों के आधार पर 16 साल के इंतजार के बाद यह कड़ा ऑडिट सिस्टम लागू किया गया है।
अब अगर वित्तीय मामलों में कोई गड़बड़ी या लापरवाही पाई जाती है, तो नुकसान की भरपाई किसी सरकारी फंड से नहीं बल्कि जिम्मेदार अफसरों की जेब से (सरचार्ज लगाकर) की जाएगी।
लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर ये होंगे कड़े प्रावधान
दस्तावेज न दिखाने पर जुर्माना: यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी ऑडिट के दौरान मांगे गए जरूरी वाउचर, बैंक स्टेटमेंट या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने से इंकार करता है या लापरवाही बरतता है, तो उस पर ₹1,000 से लेकर अधिकतम ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जाएगा। (जुर्माना लगाने से पहले 15 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा)।
अवैध भुगतान पर सरचार्ज: निदेशक (लोकल ऑडिट विभाग) किसी भी ऐसे भुगतान को खारिज कर सकते हैं, जो नियमों के विरुद्ध किया गया हो। इस नुकसान की वसूली संबंधित अधिकृत अधिकारी या संस्था पर सरचार्ज लगाकर की जाएगी।
राजस्व बकाए की तरह वसूली: निदेशक द्वारा प्रमाणित राशि का भुगतान 1 महीने के भीतर करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर राशि की वसूली भूमि राजस्व (Land Revenue) के बकाए की तरह की जाएगी।
फंड रोकने की सिफारिश: यदि कोई स्थानीय निकाय वित्तीय वर्ष समाप्त होने के 3 महीने के भीतर ऑडिट के लिए अपने खाते प्रस्तुत करने में विफल रहता है, तो उसका सरकारी बजट रोकने की सिफारिश की जाएगी।
आपराधिक मामलों में सख्त कार्रवाई: जांच के दौरान गबन, धोखाधड़ी या गंभीर आपराधिक लापरवाही के संकेत मिलने पर दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला (FIR) दर्ज किया जाएगा।
किन-किन संस्थानों पर लागू होगा यह नया कानून?
कानून के दायरे में राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाएं शामिल होंगी:
- नगर निगम, नगर परिषद, और नगरपालिकाएं
- जिला परिषद, पंचायत समितियां, और ग्राम पंचायतें
- राज्य के सभी विश्वविद्यालय (जैसे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार)
- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी, महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज
- स्थानीय फंड से जुड़े सभी चैरिटेबल एंडोमेंट फंड और राहत फंड
नए ऑडिट कानून की क्यों पड़ी जरूरत?
- वित्त आयोग की स्पष्ट सिफारिश: 13वें वित्त आयोग ने राज्य सरकार को सभी स्थानीय निकायों के लिए एक मजबूत ऑडिट प्रणाली लागू करने और CAG (नियंत्रक-महालेखापरीक्षक) के तकनीकी मार्गदर्शन में पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने की सिफारिश की थी।
- सरकारी अनुदानों का प्रभावी खर्च: केंद्र व राज्य सरकार द्वारा पंचायतों और निकायों को विकास कार्यों के लिए भारी-भरकम बजट और ग्रांट दी जाती है। इस सार्वजनिक धन का सही व पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यह कड़ा तंत्र बनाना अनिवार्य हो गया था।

