Yuva Haryana: हरियाणा कांग्रेस में आपसी विवाद रूकने के नाम ही नहीं ले रहे है। हद तो तब हो गई जब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सह प्रभारी जितेंद्र बघेल के सामने ही कांग्रेसियों ने बवाल काटा। स्टेज से उतारने से नाराज कांग्रेसियों में काफी तू-तड़ाक हुई। कांग्रेसियों का यह हंगामा दादरी जिले में हुआ। हालांकि, बाद में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया और यहां तक भी कहा कि हमें ऐसे कार्यकर्ताओं की कतई जरूरत नहीं है।
दरअसल, कांग्रेस द्वारा वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान और आइपीएस वाई पूरन आत्महत्या मामले को लेकर दादरी शहर में रोष प्रदर्शन का कार्यक्रम था। इससे पहले ही स्थानीय रासीवासिया धर्मशाला में मीटिंग के दौरान यह हंगामा हो गया।
आपको बता दें कि मीटिंग के दौरान मंच से भाषण देने को लेकर यह हंगामा हुआ था। इस दौरान कांग्रेसियों ने गुटबाजी दिखाई और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए पार्टी की खिलाफत करने और वोट बेचने के आरोप एक-दूसरे पर लगाए। आपसी बहस के बाद बात इतनी बढ़ गई कांग्रेसियों जमकर तू-तड़ाक हुई।
हंगामा बढ़ता देख कर खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने मामले को शांत करवाया और हंगामा कर रहे एक कार्यकर्ता को मंच पर बैठाया।
इसके बाद अपने संबोधन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और एआइसीसी के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र बघेल ने कांग्रेस को कड़े शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राव नरेंद्र सिंह ने तो यहां तक कहा कि अपनी ही पार्टी की बैठकों में हंगामा करने वाले नेताओं की हमें जरूरत नहीं है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



