Yuva Haryana : हरियाणा के पुलिस महकमे में एक बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। दरअसल, पंचकुला सेक्टर-6 स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में करीब 75 करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।
पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर स्टेट क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद सब इंस्पेक्टर विकास को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में लंबे समय तक केयरटेकर के पद पर तैनात रहे रोहताश को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
बड़ी बात ये है कि एक अज्ञात शिकायतकर्ता ने सीएम, डीजीपी, विजिलेंस और सीआईडी को इस बारे शिकायत की थी, जिसके बाद इस पूरे मामला का खुलासा हुआ।
स्टेट क्राइम ब्रांच द्वारा की गई जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अप्रैल 2020 से दिसंबर 2020 के बीच करीब 25 करोड़ रुपए और जनवरी 2021 से अगस्त 2021 के दौरान करीब 50 करोड़ रुपए के फर्जी बिल बनाकर भुगतान करवाया।
मुख्य आरोपी रोहतश पर आरोप है कि उसने पंचकुला सेक्टर-15 में आरएस इंटरप्राइजेज नाम से फर्जी फर्म बनाकर फर्जी कोटेशन और बिल तैयार कर सरकारी भुगतान मंजूर करवाए। एक ही अनुमति पत्र की फोटोकॉपी का कई बार प्रयोग कर अनेक बार भुगतान करवाए गए।
शिकायतकर्ता ने ये बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले कर्मचारियों का न केवल तबादला कर दिया जाता था बल्कि उन्हें फर्जी केस में फंसाने की धमकियां भी दी जाती थी।
आपको बता दें कि पिछले महीने ही इस मामले में पंचकूला सेक्टर-7 थाने में केस दर्ज किया गया था और अब एसआई की गिरफ्तारी हुई है। आगे भी इस मामले में कई खुलासे हो सकते है।



