Yuva Haryana: एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्णिम खुशी दी है। कुछ ही अंतराल में हरियाणा के तीन खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। कुश्ती और बॉक्सिंग में मिली इन जीतों ने भारत के पदक अभियान को नई ऊंचाई दी है।
सुजीत कलकल ने दिलाया भारत को पहला रेसलिंग गोल्ड
हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बिलौटा गांव के रहने वाले सुजीत कलकल ने पुरुष फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ताजिकिस्तान के वर्ल्ड मेडलिस्ट अब्दुलमजीद कुडियेव को रोमांचक मुकाबले में 10-9 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले में एक समय सुजीत 2-9 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार अंक हासिल किए और 10-9 से जीत दर्ज कर ली। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला रेसलिंग गोल्ड है।

अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता सोना
हरियाणा के हिसार जिले के भेरिया गांव के मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने पुरुष 80 किलोग्राम फाइनल में दक्षिण कोरिया के किम मिनसियोंग को 4-0 से हराकर, शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक दिलाया। उनकी जीत के साथ भारत के बॉक्सिंग अभियान को बड़ी मजबूती मिली।

परवीन हुड्डा ने महिला बॉक्सिंग में रचा इतिहास
रोहतक जिले के रुड़की गांव की परवीन हुड्डा ने महिला 65 किलोग्राम फाइनल में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन चेन निएन-चिन को 3-2 से हराकर, शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी जीत ने भारत के लिए गोल्डन हैट्रिक पूरी कर दी और हरियाणा की खेल प्रतिभा को एक बार फिर साबित किया।

हरियाणा बना भारत की जीत का केंद्र
एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा लगातार देखने को मिल रहा है। कुश्ती और बॉक्सिंग जैसे खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया है। सुजीत, अंकुश और प्रवीण की उपलब्धि ने साबित कर दिया कि हरियाणा देश की खेल राजधानी के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर रहा है।

