Yuva Haryana : राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस के एक एएसआई को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। मामला जोधपुर से जुड़ा हुआ है और रिश्वत लेना का आरोप गुरुग्राम पुलिस के एक एएसआई पर लगा है।
दरअसल, गुरुग्राम पुलिस के एएसआई प्रवीण कुमार को जोधपुर में तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए राजस्थान एसीबी ने गिरफ्तार किया है।
एएसआई प्रवीन पर आरोप है कि उसने वाहन चोरी के आरोपी को रिमांड के दौरान परेशान न करने के एवज में रिश्वत मांगी थी, जिसका राजस्थान एसीबी ने जाल बिछाकर पर्दाफाश किया।
राजस्थान एसीबी के मुताबिक गिरफ्तार एएसआई की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में हुई है, जो कि गुरुग्राम के पालम विहार क्राइम ब्रांच में तैनात था।
प्रवीन पर आरोप है कि गुरुग्राम के सदर थाना में वाहन चोरी का एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया। जांच और सत्यापन के सिलसिले में एएसआई प्रवीण कुमार आरोपी को शुक्रवार को जोधपुर लेकर आया था, जहां उसने परिजनों से संपर्क करके रिमांड के दौरान सहयोग करने के एवज में रिश्वत की डिमांड की।
परिजनों ने इस एएसआई की शिकायत एसीबी को कर दी, जिसके बाद यह पूरी कार्रवाई हुई। जोधपुर में जयपुर हाईवे पर कपाड़ा थाना के बाहर एसीबी ने एएसआई को तीन लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
फिलहाल, आरोपी एसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। वहीं इस मामले में हरियाणा पुलिस के अन्य कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



