Yuva Haryana : हरियाणा में विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। 19 फरवरी को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में बजट सत्र के प्रस्तावित शेड्यूल पर मुहर लगेगी। दो या तीन मार्च को बजट पेश होने की संभावना जताई जा रही है।
हरियाणा सरकार द्वारा आगामी बजट 2026-27 को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार इस बार बजट पर सुझावों के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
सरकार द्वारा आयोजित प्री-बजट बैठकों और एआई आधारित वॉयस फीडबैक पोर्टल से 15 हजार से ज्यादा सुझाव बजट के लिए मिले है। इनमें करीब 11 हजार सुझाव एआई आधारित पोर्टल से मिले।
बताया जा रहा है कि सरकार ने दो हजार से अधिक सुझावों को चयनित करके संबंधित विभागों को भेज दिया है ताकि विभाग इन सुझावों की व्यावहारिकता परख कर सीएम के पास बजट में शामिल करने के लिए भेज सके।
सरकार के मुताबिक बजट पर सुझावों के लिए राज्य में पहली बार एआई तकनीक का प्रयोग किया गया है। सरकार ने एआई आधारित वॉयस फीडबैक पोर्टल लॉन्च किया था और इसमें हिंदी, अंग्रेजी और हरियाणवी भाषा में सुझाव देने का ऑप्शन दिया गया।
साथ ही सीएम नायब सैनी ने जनवरी माह में करीब 12 प्री-बजट बैठकें करके सभी से बजट के लिए सुझाव लिए थे। बताया जा रहा है कि इनमें निकायों और पंचायतों से संबंधित सुझाव ज्यादा आए है, जिनकी संख्या 750 बताई जा रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए 450, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के लिए 200, महिलाओं के लिए 300 से ज्यादा सुझाव प्राप्त हुए है।



