Yuva Haryana : इनेलो नेता अभय चौटाला पर “39 जूते मारने” का आरोप लगाकर विवादित बयान देने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी आरएस यादव अब अपने बयान से पलट गए है। बीते दिनों एक इंटरव्यू के दौरान दिए गए अपने बयान से सुर्खियों में आए आरएस यादव का कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था। इतना ही नहीं उन्होंने अपने बयान के लिए सार्वजनिक तौर से माफी भी मांग ली है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार सेवानिवृत्त आईपीएस आरएस यादव ने कहा कि उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया गया। वे इस मामले को खत्म करना चाहते है।
आरएस यादव ने कहा कि उनके शब्दों को गलत संदर्भ में समझा गया। उनकी नीयत किसी को बदनाम करने या किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा बनने की नहीं थी। उन्होंने साफ कहा कि चौटाला साहब उनके लिए सम्मानित नेता हैं और अगर उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वे दिल से माफी मांगते है।
उन्होंने ये भी कहा कि जूते मारने जैसे शब्द का अर्थ न तो हमला था और न ही किसी तरह की बेइज्जती बल्कि यह अनजाने में बोला गया वाक्य था, जिसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था और इससे मामला उलझा था।
उधर, आरएस यादव की पत्नी एवं जज रह चुकीं अनुपमा यादव का कहना है कि उन पर अभय चौटाला की टिप्पणी बेहद गलत थी और इसके लिए वे अभय चौटाला के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगी।
आपको बता दें कि पिछले दिनों हरियाणा में यह विषय खासा चर्चा में रहा। महेंद्रगढ़ के सेवानिवृत्त आईपीएस रामसिंह यादव का एक वीडियो वायरल हुआ, जिस पर सियासत गरमाई हुई थी।
वायरल वीडियो में पूर्व आईपीएस अधिकारी ने साल 2003 में पूर्व इनेलो सरकार के दौरान इनेलो नेता अभय चौटाला पर 39 जूते मारने का आरोप लगाया था।
इस मामले में विवाद तब और बढ़ गया जब इनेलो नेता अभय चौटाला ने इस वायरल वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और आरएस यादव को 100 करोड़ रुपये के मानहानि का नोटिस भेजने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें या फिर जो आरोप लगाए हैं वह कोर्ट में आकर सही साबित करें, नहीं तो सजा भुगतेंगे।
वहीं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी ने भी दोबारा दावा किया था कि वे अपना पक्ष साबित करेंगे। उन्होंने कहा था कि अभय चौटाला मानहानि का केस दर्ज करवाएं। अगर वे गलत हुए तो उनको 100 करोड़ रुपये देंगे और नहीं तो उनको 100 करोड़ रुपये देने होंगे।
फिलहाल, यह विवाद थमता हुआ नजर आ रहा है, क्योंकि अब आरएस यादव ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली है। हालांकि, अभी तक अभय चौटाला की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



