हरियाणा में ठंड के तेवर नरम कब होंगे ? आगे बर्फीली हवाओं से राहत, लेकिन बरसात के साथ ओलावृष्टि के आसार

Yuva Haryana : हरियाणा में कड़ाके की ठंड के तेवर पिछले कई दिनों से जारी है। लगातार तापमान गिरता ही जा रहा है और साथ में कोहरे से भी जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
हरियाणा के चार जिलों का रात का तापमान एक डिग्री से नीचे जा चुका है। इनमें सोनीपत में 0.4 डिग्री, हिसार में 0.5 डिग्री, गुरुग्राम में 0.8 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 1 डिग्री रात का तापमान दर्ज किया गया है। वहीं भिवानी व प्रदेश के अनेक जिलों में रात का तापमान 1 से 2 डिग्री तक रहा है।
हरियाणा में बुधवार को इस सर्दी के सीजन का सबसे ठंडा दिन माना गया। न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलेगा और इससे ठंड का असर थोड़ा कम हो सकता है। वहीं बरसात के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस असामान्य सर्दी के पीछे ला-नीना और पोलर वोटेंक्स का असर है। इसके कारण उत्तरी ध्रुव से ठंडी हवाएं उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में पहुंच रही है।
आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बरसात की भविष्यवाणी की है। इससे हवाओं की दिशाओं में परिवर्तन देखने को मिलेगा। मैदानी क्षेत्रों में अब आ रही बर्फीली हवाओं पर आने वाले दिनों में ब्रेक और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना बताई गई है।
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक 16 और 19 जनवरी को लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएंगे। 18 से 22 जनवरी के बीच हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान व अन्य उत्तरी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
First published on: January 15, 2026 06:06 PM