Yuva Haryana : नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। विवाह में बुलाने के लिए आजकल व्हाट्सएप पर निमंत्रण भेजने का खासा ट्रेंड चल रहा है। ऐसे में आपके पास विवाह के डिजिटल कार्ड व्हाट्सएप पर आते है तो आप सावधान हो जाएं, क्योंकि आप ठगों के जाल में भी फंस सकते है। वो कैसे ? यहां आपको बताते है…
व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आए शादी के निमंत्रण कार्ड को क्लिक करने से पहले आपको बता दें कि आजकल साइबर अपराधी शादियों के सीजन का फायदा उठाकर निमंत्रण स्कैम को अंजाम दे रहे हैं।
दरअसल, व्हाट्सएप पर अनजान नंबरों से भेजे जा रहे शादी के डिजिटल कार्ड में APK फाइल छिपी होती है, जिसे डाउनलोड करने पर मोबाइल हैक हो सकता है। यह APK फाइल यूजर का पर्सनल डाटा चुराकर बैंक अकाउंट तक को खाली कर सकती है।
साइबर पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधी इन दिनों व्हाट्सएप पर शादी का डिजिटल कार्ड भेज रहे हैं। इस डिजिटल कार्ड का इस्तेमाल मालवेयर फैलाने और पर्सनल डेटा चुराने के लिए किया जा रहा है।
ठगों ने शादी के कार्ड के नाम पर वायरस फाइलें (ऐपीके फाइल) भेजनी शुरू कर दी हैं, जिनसे फोन में मालवेयर डाउनलोड होता है। इससे हैकर्स आपके डिवाइस तक पहुंच रहे हैं।
साइबर ठग इसका फायदा उठाकर लोगों के खातों में सेंधमारी कर रहे हैं। साइबर पुलिस के पास इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में लोगों को भी सचेत रहने की जरूरत है। निमंत्रण की फाइल में अगर एपीके लिखा हो तो, उसे भुलकर भी डाउनलोड मत करना। इस फोटो में देखें स्कैम के लिए भेजी गई एपीके फाइल…
इन बातों का रखें खास ध्यान
- अनजान नंबर से आए शादी के डिजिटल कार्ड पर क्लिक करने से बचें
- फोन की सेटिंग में जाकर किसी भी फाइल की ऑटोमेटिक डाउनलोड बंद रखें
- शादी के कार्ड के अलावा भी किसी अनजान लिंक को खोलने से बचें
- अपने वाट्सऐप को हमेशा टू-स्टेप वेरिफिकेशन पर रखें
- ठगी का शिकार होने पर नेशनल साइबर कंप्लेंट पोर्टल नंबर 1930 पर कॉल करें
- www.cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं



