Yuva Haryana: गन्नौर क्षेत्र के पांची जाटान गांव में लगभग 11 साल पहले हुए चर्चित पूर्व डीएसपी सज्जनपाल हत्याकांड मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चार दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह, उसके दोनों बेटों हरपाल उर्फ दीपक व प्रवीण तथा गांव के ही सुनील उर्फ उल्लू को दोषी करार देते हुए 73-73 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
चुनावी रंजिश और राजनीतिक अदावत बनी वजह
मामले के अनुसार, 3 अक्टूबर 2015 को पांची जाटान निवासी जोगिंद ने गन्नौर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई सज्जनपाल सरपंच पद का उम्मीदवार था, जिसकी तत्कालीन सरपंच सुरेंद्र सिंह के परिवार से राजनीतिक रंजिश चल रही थी। घटना की रात सज्जनपाल अपने भाई जोगिंद और ताऊ रामकुमार के साथ वोट मांगकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में सुरेंद्र सिंह और उसके साथियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 5-6 गोलियां लगने से सज्जनपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ताऊ रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
खेल जगत में था बड़ा नाम
मृतक सज्जनपाल साल 1997 से 2006 तक कुश्ती में ‘भारत कुमार’ और ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता रह चुके थे। उनके निधन के बाद चुनावी मैदान में उतरी उनकी मां चांदकौर बिना वोट मांगे ही ग्रामीणों के समर्थन से सरपंच चुनी गई थीं।
वैज्ञानिक सबूतों और पुलिस जांच ने खोली परतें
गन्नौर पुलिस के बाद 29 जून 2016 को इस मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच, मधुबन को सौंपी गई थी, जिसने कई वैज्ञानिक और दस्तावेजी सबूत जुटाए।
बैंक स्टेटमेंट से खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह ने शूटरों की मदद के लिए अपने भांजे नवीन को बेटे प्रवीण के खाते से 10 लाख रुपये का चेक दिया था।
जेल में दीपक व सुशील की मुलाकात साबित होने पर धारा 120-बी जोड़ी गई, और अप्रैल 2017 में सुशील व सुनील का पॉलीग्राफ टेस्ट सत्य पाया गया।
इस मामले में मुख्य आरोपी नरेश उर्फ बांदरी की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि अन्य मददगारों को भी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था।

