Yuva Haryana: हरियाणा में गन्ने के पेराई सत्र की शुरुआत के साथ ही गन्ना किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। राज्य के किसान संगठनों ने किसानों से आह्वान किया है कि जब तक उनकी अधिक समर्थन मूल्य की मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे फसल की कटाई न करें और न ही चीनी मिलों को गन्ने की सप्लाई दें।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) और गन्ना किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने नारायणगढ़ चीनी मिल के बाहर पंचायत की। पंचायत में घोषणा की गई कि 20 नवंबर से मिल परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
600 रुपये प्रति क्विंटल रेट की मांग
किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि राज्य सरकार ने गन्ने के दाम में जो बढ़ोतरी की है, वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने अगले दो वर्षों में गन्ने के भाव में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरों के तहत 2026-27 सत्र में किसानों को 430 रुपये प्रति क्विंटल और 2027-28 सत्र में 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा।
गन्ना किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद राणा ने कहा कि सरकार देश में सबसे अधिक गन्ना भाव देने का दावा कर रही है, लेकिन हकीकत में यह बढ़ोतरी महज 15 पैसे प्रति किलो है। उन्होंने चेतावनी दी कि लाभकारी मूल्य न मिलने के कारण राज्य में गन्ने का रकबा लगातार घट रहा है, जिससे आने वाले समय में मिलों को पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना नहीं मिल पाएगा।
मुख्यमंत्री के साथ बैठक रही बेनतीजा
नारायणगढ़ चीनी मिल में 23 नवंबर से पेराई शुरू होना प्रस्तावित है। भाकियू (चढ़ूनी) के अंबाला प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि गन्ने के दाम को लेकर कृषि मंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ बैठक हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं, भाकियू (चढ़ूनी) नेता संजू गुंदियाना ने मांग की कि नारायणगढ़ चीनी मिल पिछले सीजन का बकाया भुगतान भी जल्द से जल्द जारी करे। उधर, यमुनानगर में भी गन्ना किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाकियू (चढ़ूनी) प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने स्पष्ट किया कि जब तक रेट नहीं बढ़ाए जाते, किसान मिलों को गन्ना नहीं देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब सरकार जल्द ही हरियाणा से अधिक गन्ना मूल्य घोषित करेगी।
गन्ने की खेती घाटे का सौदा: सुरजेवाला
इस मुद्दे पर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में गन्ने की खेती अब घाटे का सौदा बन गई है। यमुनानगर के रादौर में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सुरजेवाला ने 2026-27 के लिए 15 रुपये प्रति क्विंटल (15 पैसे प्रति किलो) की बढ़ोतरी को किसानों के साथ ‘क्रूर मजाक’ बताया। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में गन्ने के दाम सिर्फ 68 रुपये प्रति क्विंटल बढ़े हैं, जबकि इसी दौरान चीनी का खुदरा मूल्य 39 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो (31 रुपये की बढ़ोतरी) तक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि इसका मुनाफा किसानों को नहीं बल्कि बड़ी कंपनियों और जमाखोरों को मिल रहा है। सुरजेवाला के अनुसार, 2021-22 में राज्य में गन्ने का रकबा 1,07,000 हेक्टेयर था, जो 30 प्रतिशत से अधिक घटकर अब 71,640 हेक्टेयर रह गया है।

