Yuva Haryana: खुदरा बाजार में चीनी की कीमतों में भारी उछाल आया है, लेकिन गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो चीनी के खुदरा दाम में करीब 31 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है, जबकि किसानों को मिलने वाले गन्ने के सरकारी भाव में महज 68 पैसे प्रति किलो (68 रुपये प्रति क्विंटल) का ही इजाफा हुआ है।
80% बढ़ी चीनी की कीमत, गन्ने में सिर्फ 19% इजाफा
पांच साल पहले खुदरा बाजार में चीनी 39 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, जो अब बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है (करीब 80 प्रतिशत की वृद्धि)। इसके विपरीत, गन्ने का सरकारी भाव 362 रुपये से बढ़कर 430 रुपये प्रति क्विंटल हुआ है, जो कि लगभग 19 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी है।
पिछले 5 वर्षों में गन्ने के भाव (प्रति क्विंटल):
- 2022-23: 362 रुपये
- 2023-24: 386 रुपये
- 2024-25: 400 रुपये
- 2025-26: 415 रुपये
- 2026-27: 430 रुपये
पिछले 5 वर्षों में चीनी के खुदरा दाम (प्रति किलो):
- 2022: 39 से 41 रुपये
- 2023: 40 से 42 रुपये
- 2024: 42 से 45 रुपये
- 2025: 42 से 45 रुपये
- 2026: 65 से 70 रुपये
एथेनॉल उत्पादन से और बढ़ सकते हैं चीनी के दाम
चीनी विक्रेता जोगिंद्र, परमजीत और कुमार सिंह का कहना है कि गन्ने का इस्तेमाल चीनी के अलावा अब एथेनॉल उत्पादन में भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इससे गन्ने के उपयोग का एक बड़ा हिस्सा चीनी उत्पादन से दूसरी ओर जा रहा है। फिलहाल बाजार में चीनी के दाम स्थिर हैं, लेकिन आने वाले समय में कीमतों में और बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता।
9 से 10 किलो गन्ने में तैयार होती है एक किलो चीनी
करनाल शुगर मिल प्रबंधक अदिति के अनुसार, एक किलो चीनी बनाने में लगभग 9 से 10 किलोग्राम गन्ना लगता है। यदि किसी मिल में 100 किलो गन्ना पहुंचता है, तो उससे आमतौर पर 9 से 10 किलो चीनी तैयार होती है। हालांकि, गन्ने की गुणवत्ता और रिकवरी बेहतर होने पर कम गन्ने से भी ज्यादा चीनी निकाली जा सकती है।
खेती छोड़ने की चेतावनी और विदेशों से आयात का संकट
भारतीय किसान यूनियन (सर छोटू राम समूह) के प्रदेश प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी व किसान ओमप्रकाश और राय सिंह का कहना है कि लागत और मेहनत के मुकाबले किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि लाभकारी मूल्य नहीं मिला, तो वे गन्ने की खेती से दूरी बना सकते हैं। ऐसा होने पर भविष्य में चीनी उत्पादन प्रभावित होगा और घरेलू मांग पूरी करने के लिए सरकार को विदेशों से चीनी आयात करनी पड़ सकती है।
यमुनानगर में गन्ने का रेट ₹600 करने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना
यमुनानगर: गन्ने का खरीद मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ग्रुप के किसानों ने रविवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
मिल न चलने देने की चेतावनी: किसानों ने सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेता संजू गुंदियाना ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार गन्ने का भाव नहीं बढ़ाती, तब तक शुगर मिल को चलने नहीं दिया जाएगा।
24 घंटे जारी रहेगा धरना: किसानों ने धरना स्थल पर टेंट लगा लिए हैं और वे दिन-रात वहीं डटे रहेंगे। गौरतलब है कि सरस्वती शुगर मिल में इस वर्ष 17 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू होनी प्रस्तावित है।

