Yuva Haryana: अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन कर हिसार लौट रहे 72 यात्रियों को रविवार शाम उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब अयोध्या से हिसार आ रही एलायंस एयर की फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। एयरलाइन की ओर से खराब मौसम का हवाला देते हुए सभी यात्रियों को दिल्ली में ही विमान से उतार दिया गया, जिसके बाद यात्रियों को अपने खर्च पर कैब व अन्य वाहनों से हिसार लौटना पड़ा।
शाम 6:15 बजे पहुंचना था हिसार, दिल्ली में उतारे गए यात्री
जानकारी के अनुसार, एलायंस एयर की फ्लाइट रविवार शाम करीब 4:30 बजे 72 यात्रियों को लेकर अयोध्या से हिसार के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 5:30 बजे विमान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। यहां यात्रियों को सूचना दी गई कि आगे मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट हिसार नहीं जा पाएगी। जबकि इस फ्लाइट का हिसार पहुंचने का निर्धारित समय शाम 6:15 बजे था।
कैब का अतिरिक्त खर्च उठाकर आधी रात को घर पहुंचे यात्री
दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार दिए जाने के बाद यात्रियों का पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया। कई यात्रियों ने अपने स्तर पर दिल्ली, चंडीगढ़ या रेवाड़ी से कैब बुक की और अतिरिक्त किराया देकर आधी रात को हिसार पहुंचे। इस अचानक हुए बदलाव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री डॉ. ललित मोहन, डॉ. रितु सांगवान, राहुल सांगवान, आशु व अशोक सहित अन्य लोगों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
94 वर्षीय मां को दर्शन करवाने गए पूर्व प्रोफेसर बोले- रिफंड भी नहीं मिला
यात्रियों में शामिल हिसार के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर एसके मिश्रा ने बताया कि वह अपनी 94 वर्षीय मां को राम मंदिर के दर्शन करवाने अयोध्या ले गए थे। उन्होंने कहा कि उनकी मां चल-फिर नहीं पाती हैं और दिल्ली में उतार दिए जाने के बाद रात में कैब बुक कर हिसार लौटना बेहद मुश्किल रहा। उन्होंने यह भी बताया कि देरी से घर पहुंचने के साथ-साथ अभी तक फ्लाइट का रिफंड भी नहीं मिला है।
इधर, दिन में साफ रहा मौसम, देर रात छाई स्मॉग की चादर
हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार और रविवार को प्रदेश के उत्तरी जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद सहित कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। रविवार को इसका असर भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद से मेवात तक पहुंचा।
सोमवार से उत्तरी हवाओं के कारण बढ़ेगी ठंड
दिन में कई जगह मौसम साफ रहने के बाद देर रात हिसार सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्मॉग की चादर और हल्की धुंध देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ रविवार रात तक हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर से आगे निकल जाएगा। सोमवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो जाएगी, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी की ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों के तापमान को नीचे लाएंगी। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी तथा सुबह-शाम हल्की धुंध व कोहरा छाने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान (रविवार):
- हिसार: अधिकतम 4°C, न्यूनतम 17.1°C
- अंबाला: अधिकतम 2°C, न्यूनतम 16.5°C
- कर्नाल: अधिकतम 7°C, न्यूनतम 14.2°C
- रोहतक: अधिकतम 3°C, न्यूनतम 18.8°C
- नारनौल: अधिकतम 0°C, न्यूनतम 16.5°C

