Yuva Haryana : हरियाणा पुलिस में 5500 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में आयु सीमा को लेकर कंफ्यूजन की स्थिति सामने आई है। इस बीच सोशल मीडिया पर आयु सीमा को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगी।
ऐसे में अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इसको लेकर स्पष्टता दी है। उन्होंने साफ कहा कि भर्ती में आयु की गणना पूरी तरह पुलिस रूल्स के अनुसार ही की जाएगी।
हिम्मत सिंह ने उदाहरण देते हुए बताया कि किसी वर्ष भर्ती प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू होती है तो आयु की गणना एक अगस्त को आधार मानकर की जाएगी। उनके अनुसार जिस महीने भर्ती होगी, उसी महीने की पहली तारीख से अभ्यर्थियों की आयु निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि साल 2024 में रद्द हुई पुलिस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इस नई भर्ती में आयु में छूट दी जाएगी और इसके संबंध में अलग से अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
आपको बता दें कि 5500 कांस्टेबल पदों की भर्ती में 4500 पुरुष, 600 महिला और 400 रेलवे के पद निर्धारित किए हुए है। 11 जनवरी से शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जनवरी रात 11.59 बजे तक चलेगी।
फिलहाल भर्ती की परीक्षा या अन्य चरण कब होंगे, यह अभी तय होना बाकी है। लेकिन, आयोग के द्वारा अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे सही से जांच करके ही अपना आवेदन फाइनल सब्मिट करें क्योंकि आवेदन संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को कोई मौका नहीं दिया जाएगा।



