Yuva Haryana: विदेश में बैठकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले और रंगदारी मांगने वाले बदमाशों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में हरियाणा एसटीएफ (STF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी 2026 से सितंबर 2026 के बीच देशभर की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर कुल 51 वांछित बदमाशों को विदेशों से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित कराया है। इनमें सर्वाधिक 15 गैंगस्टर अकेले हरियाणा एसटीएफ द्वारा वापस लाए गए हैं, जो कि पड़ोसी राज्य पंजाब (10) और महाराष्ट्र (4) से भी अधिक है।
हरियाणा पुलिस की रेडार पर विदेश में छिपे 12 अन्य मोस्ट वांटेड गैंगस्टर भी हैं। 24 सितंबर को मलेशिया से रवि उचाना की वापसी के साथ ही डिपोर्ट किए गए बदमाशों की संख्या 15 तक पहुँच गई है।
विदेशों में छिपे अपराधियों पर कसता शिकंजा
हरियाणा एसटीएफ, काउंटर इंटेलिजेंस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला पुलिस मिलकर स्पेशल टास्क फोर्स के रूप में कार्य कर रही हैं। इनके साथ सीबीआई (CBI) की इंटरपोल शाखा, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और विदेशी एजेंसियां भी समन्वय स्थापित कर रही हैं।
लुकआउट सर्कुलर और नोटिस: विदेश में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अब तक 144 लुकआउट सर्कुलर, 54 रेड कॉर्नर नोटिस और 53 इंटरपोल नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
पासपोर्ट रद्द: पुलिस की कार्रवाई के तहत अपराधियों के 93 पासपोर्ट रद्द किए जा चुके हैं।
“विदेश में बैठकर अपराध को अंजाम देने वाले गैंगस्टरों की सूची तैयार कर केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से लगातार प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, प्रत्यर्पण के बाद पूछताछ की प्रक्रिया लंबी चलती है।” — बी. सतीश बालन, एसटीएफ प्रमुख
विदेश से हरियाणा डिपोर्ट किए गए प्रमुख गैंगस्टरों की सूची
अमन भैंसवाल: 7 जनवरी को अमेरिका से वापस लाया गया। सोनीपत के भैंसवाल कलां का निवासी अमन कुमार उर्फ अमन भैंसवाल पर हत्या, दंगा और आपराधिक साजिश के 10 मामले दर्ज हैं। इसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से बताया गया है।
सोमबीर उर्फ मोटटा: 10 फरवरी को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया। रोहतक के करोर निवासी सोमबीर पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और रंगदारी समेत 26 मामले दर्ज हैं।
साहिल चौहान उर्फ साहिल राणा: 10 अप्रैल को थाईलैंड से लाया गया। अंबाला के शहजादपुर निवासी साहिल पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार के 16 मामले दर्ज हैं। यह भूप्पी राणा व बंबीहा गिरोह से जुड़ा है।
अभय राणा: 9 मई को पुर्तगाल से भारत लाया गया। अभय रंगदारी, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध और हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित था।
दिनेश उर्फ मिट्टू: 12 जून को साइप्रस से डिपोर्ट किया गया। हिसार के खैरपुर का निवासी मिट्टू काला खैरपुर और हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़ा था और महिंद्रा शोरूम फायरिंग समेत कई मामलों में वांछित था।
गौरव गाडोली: 34 अगस्त को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। यह कौशलबंबीहा गिरोह से जुड़ा है और कौशल चौधरी का साला है। इसके खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं।
रवि उचाना: 24 सितंबर को मलेशिया से डिपोर्ट कर भारत वापस लाया गया।
प्रत्यर्पण आंकड़ों की मुख्य बातें
- देशभर का आंकड़ा: इस साल देशभर से कुल 51 बदमाश विदेशों से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित किए गए।
- हरियाणा टॉप पर: 15 गैंगस्टर डिपोर्ट कराकर हरियाणा एसटीएफ देश में पहले स्थान पर है।
- पंजाब: ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल के गठन के बाद पंजाब पुलिस ने 10 अपराधियों को विदेश से वापस लाया।
- महाराष्ट्र: तीसरे स्थान पर रहते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने 4 अपराधियों को डिपोर्ट कराया।

