Yuva Haryana: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हिसार की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बास, जिला हिसार में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एफआईआर से नाम हटवाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दर्ज करवाई थी कि थाना बास में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह ने उसके बेटे और एक रिश्तेदार को एफआईआर संख्या 125/2026 में गिरफ्तार न करने तथा मुकदमे से उनके नाम हटवाने की एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
ट्रैप लगाकर दबोचा गया आरोपी
शिकायत के सत्यापन के बाद एसवी एंड एसीबी यूनिट फतेहाबाद के निरीक्षक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस पूरी ट्रैप कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारी के रूप में पंचायत राज विभाग, ब्लॉक जाखल, जिला फतेहाबाद के एसडीई बलवान सिंह मौजूद रहे। ब्यूरो ने यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत पूरी की।
मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
आरोपी सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह के खिलाफ थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में 19 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 49 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अपील
हरियाणा पुलिस व एसवी एंड एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसवी एंड एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर दें। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 अथवा ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। शिकायतकर्ताओं की पहचान और गोपनीयता को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाता है।

