Yuva Haryana : देश की राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में दीपावली से पहले ही हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है, जिससे प्रदूषण खराब स्तर तक पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 282 और इंडिया गेट के आसपास एक्यूआई 269 दर्ज किया गया। शनिवार शाम को दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 400 के पार चला गया। वहीं गुरुग्राम के सेक्टर 51 में भी 400 को पास एक्यूआई स्तर दर्ज किया गया।
ऐसे खराब वातावरण में प्रदूषित हवा लोगों के लिए दमघोंटू बन गई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर गंभीर हो गया है। धुआं और धुंध की मोटी चादर ने पूरे एनसीआर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई है।
राजधानी की हवा में अचानक हुए इस दमघोंटू बदलाव ने दिल्ली वालों की चिंता बढ़ा दी है। अभी तो दिवाली के पटाखे भी नहीं फूटे हैं, तब भी हवा में ऐसा जहर घुल गया, ऐसे में दिवाली के बाद दिल्ली का क्या होगा?
दिल्ली में हर बार प्रदूषण बढ़ने के लिए पंजाब और हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया जाता था लेकिन इस बार ये हाल तब है जब हरियाणा में पराली के मामले 95 प्रतिशत घटे है। ऐसे ही पंजाब में भी बाढ़ के कारण पराली जलाने के मामले पहले के मुकाबले कम हुए है।



