Yuva Haryana: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पानीपत के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़ी 5 महत्वपूर्ण मांगें उनके समक्ष रखीं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
महीपाल ढांडा ने जानकारी देते हुए बताया कि पानीपत औद्योगिक, व्यापारिक और ऐतिहासिक दृष्टि से हरियाणा का एक बेहद महत्वपूर्ण शहर है। यहाँ लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क एवं फ्लाईओवर के बुनियादी ढांचे का विस्तार करना समय की मुख्य आवश्यकता बन गया है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और कृषि गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी गई 5 प्रमुख मांगें
पानीपत के लिए रिंग रोड का निर्माण: शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना बाहर से ही सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
नए फ्लाईओवर और अंडरपास: सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक एक नए फ्लाईओवर का निर्माण तथा एल्डिको के सामने अंडरपास बनाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
विशेष एंट्री और एग्जिट रैंप: बरसत रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री रैंप और नाथू स्वीट्स के सामने एग्जिट रैंप का निर्माण, जिससे लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
बाबरपुर मंडी के सामने नया फ्लाईओवर: क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए बाबरपुर मंडी के सामने एक नए फ्लाईओवर के निर्माण की मांग की गई, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों का आवागमन सुगम हो सके।
अनाज मंडी के लिए दोनों तरफ टर्न (यू-टर्न): पानीपत अनाज मंडी के लिए दोनों तरफ सुरक्षित टर्न का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया ताकि किसानों और आढ़तियों को सहूलियत मिल सके।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने विश्वास जताया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार के आपसी समन्वय से पानीपत को आधुनिक सड़क एवं यातायात सुविधाओं से युक्त एक विकसित शहर बनाने का संकल्प जल्द ही पूरी तरह साकार होगा।

