Yuva Haryana: हरियाणा प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूलों से ड्रॉप आउट बच्चों के आंकड़े काफी चिंताजनक सामने आए हैं। अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले चार साल में कुल 93,354 बच्चों ने बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी है, जिसमें अकेले हिसार जिले के 2,617 विद्यार्थी शामिल हैं।
पूरे प्रदेशभर में वर्ष 2023 में सबसे अधिक 47,320 बच्चों ने स्कूल छोड़ा था, जिसमें सरकारी स्कूलों के 21,364 और निजी स्कूलों के 25,956 विद्यार्थी शामिल थे। इसके बाद वर्ष 2024 में 28,364 बच्चों ने पढ़ाई छोड़ी। चार साल के कुल ड्रॉप आउट आंकड़ों में सरकारी स्कूलों के 43,957 और निजी स्कूलों के 49,397 विद्यार्थी पढ़ाई से दूर हो चुके हैं।
दूसरे राज्यों में भी गए लाखों बच्चे:
स्कूल छोड़ने के अलावा बड़ी संख्या में बच्चे दूसरे राज्यों में भी चले गए हैं। सरकारी स्कूलों के 83,222 और निजी स्कूलों के 84,687 बच्चों का दूसरे राज्यों में स्थानांतरण हुआ है। वहीं, सरकारी स्कूलों के 749 और निजी स्कूलों के 2,540 बच्चों ने देश भी छोड़ा है।
रोजगार और आर्थिक तंगी बनी बड़ी वजह:
बीईओ (BEO) राकेश चराया ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई छूटने के पीछे कई सामाजिक और आर्थिक कारण सामने आए हैं। प्रवासी मजदूर परिवारों का रोजगार की तलाश में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना इसका प्रमुख कारण है। परिवार के स्थान बदलने के साथ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। आर्थिक तंगी के कारण बच्चों को कम उम्र में काम पर भेजना, अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी, ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों की अधिक दूरी और लड़के-लड़कियों के बीच भेदभाव भी पढ़ाई छूटने की बड़ी वजह बन रहे हैं।
शिक्षा से दोबारा जोड़ने के प्रयास:
प्रशासन द्वारा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2024-25 में अकेले जिले में 15,386 बच्चों को दोबारा स्कूलों में दाखिला दिलाया गया। इन बच्चों को उनकी उम्र और शैक्षणिक स्तर के अनुसार शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे।

