Yuva Haryana: हरियाणा के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब स्कूल स्तर पर ही विदेशी भाषा सीखने और अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जुड़ने का शानदार मौका मिलेगा। इसी पहल के तहत राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम में विभिन्न सरकारी स्कूलों के 69 शिक्षकों के लिए जर्मन भाषा का चार दिवसीय विशेष ऑफलाइन प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है।
28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर से पहले शिक्षकों को करीब दो महीने का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब आमने-सामने की कक्षाओं के जरिए अध्यापकों को जर्मन भाषा के साथ-साथ इसे विद्यार्थियों के लिए रोचक, सहज और प्रभावी तरीके से पढ़ाने की तकनीक सिखाई जा रही है।
गतिविधियों और ग्रुप लर्निंग पर जोर
प्रशिक्षण के पहले दिन शिक्षकों को अलग-अलग समूहों में बांटा गया। विभिन्न गतिविधियों और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से जर्मन भाषा सिखाई गई, ताकि शिक्षक इसे सरलता से समझ सकें और आगे अपने-अपने स्कूलों में बच्चों तक पहुंचा सकें।

ग्रामीण व सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
डॉ. अजय लोहान ने बताया कि जर्मन भाषा सीखने से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, कौशल विकास और विदेशों में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एससीईआरटी प्रभारी संतोष बांगड़, सुखदा मैम तथा जर्मन भाषा विशेषज्ञ मोहिता, कुसुम मैम और आरती मैम की अहम भूमिका है।
शिक्षा विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को विदेशी भाषा का ज्ञान देकर उनके पंखों को नई उड़ान देना और उनके सपनों को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।

