Yuva Haryana : हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। मंगलवार को राज्य सरकार ने पांच आईएएस और एक आईआरपीएस के तबादले और नियुक्ति के आदेश तुरंत प्रभाव से जारी किए है।
बड़ी बात ये है कि सरकार ने 1990 बैच के आईएएस सुधीर राजपाल को प्रदेश के नए गृह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। राजपाल को गृह, कारागार, आपराधिक जांच और न्याय प्रशासन के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ-साथ पर्यावरण, वन व वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का भी कार्यभार सौंपा गया है।
1990 बैच की आईएएस सुमिता मित्रा अब हरियाणा की नई वित्तायुक्त होगी। सरकार ने करीब एक साल बाद स्थायी तौर पर वित्तायुक्त की नियुक्ति के आदेश जारी किए है। सुमिता पिछले एक साल से वित्तायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार ही देख रहीं थी।
साथ ही सुमिता मिश्रा को राजस्व व आपदा प्रबंधन और चकबंद विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान व आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।
ऐसे में माना जा रहा है कि सुमित मिश्रा की प्रदेश के मुख्य सचिव पद की दावेदारी मजबूत हो गई है, क्योंकि वे लिंक अधिकारी होने के नाते मुख्य सचिव की गैरहाजिरी में उनका कामकाज देख सकती है। आपको बता दें कि मुख्य सचिव के बाद वित्तायुक्त का पद प्रदेश में दूसरे स्थान पर आता है और हरियाणा सरकार भी वित्तायुक्त को ही राज्य का अगला मुख्य सचिव बनाती आ रही है।
सीएम के प्रधान सचिव 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता को वित्त एवं योजना विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले इस विभाग का जिम्मा बाईपास सर्जरी के बाद बेड रेस्ट पर चल रहे मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के पास था।
सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव 2005 बैच के आईएएस साकेत कुमार को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आयुक्त एवं सचिव बनाने के साथ-साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वे फिलहाल विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त व सचिव, हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं।
वहीं 2012 बैच के आईएएस आरके सिंह को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन में विशेष सचिव के साथ-साथ पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का आतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
आईआरपीएस अधिकारी विनय कुमार को पंचकूला नगर निगम, जिला नगर आयुक्त और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया हैं।



