Yuva Haryana: आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान बुधवार को विद्यार्थियों को निम्न स्तर और गंदगीयुक्त भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, छात्रों को गंदगी वाली जगह पर बैठाकर खाना खिलाया गया। बीते दो दिनों से खराब गुणवत्ता का भोजन दिए जाने की शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया।
मौके पर जली हुई रोटियों के साथ-साथ रायता, सलाद और अन्य खाद्य पदार्थों पर मक्खियां भिनभिनाती नजर आईं, जबकि गेहूं के आटे में सुरसरी घूमती दिखाई दी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल
उपायुक्त (डीसी) के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा ने स्थिति का जायजा लिया और बेसन, हलवा, आलू-छोले की सब्जी तथा गेहूं के आटे के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। बताया गया है कि इस आयोजन में दोपहर बाद शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी पहुंचे। पूरे कार्यक्रम का बजट 47 लाख रुपये निर्धारित है, जिसमें आवास, भोजन और सांस्कृतिक आयोजन शामिल हैं।
1500 लोगों के लिए बन रहा था भोजन, साफ-सफाई का अभाव
महोत्सव में प्रदेशभर से करीब 900 विद्यार्थी भाग लेने पहुंचे हैं। इनके अलावा शिक्षक और अन्य स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हैं। भोजन व्यवस्था के लिए शिक्षा विभाग की ओर से 17 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी और विद्यार्थियों व स्टाफ को मिलाकर प्रतिदिन लगभग 1500 लोगों के लिए खाना तैयार किया जा रहा था।
हालांकि, छात्रों के भोजन करने के स्थान पर साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी, जिससे बाहर से आए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठने और गंदगी के संपर्क में आने से भोजन दूषित होने का खतरा रहता है। इसलिए तैयार भोजन को ढककर रखने और परोसने वाले स्थान की नियमित सफाई बेहद आवश्यक है।

