Yuva Haryana : आने वाले समय में सरकार की मदद से विदेश की जमीन पर हरियाणा के किसान खेती करते हुए दिख सकते है। हरियाणा की भाजपा सरकार इस पर एक योजना बना रही है।
दरअसल, कुछ समय पहले ही हरियाणा के कृषि मंत्री एक प्रतिनिधिमंडल के साथ केन्या देश के दौरे पर गए थे। केन्या से वापस लौटने के बाद अब इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को एक रिपोर्ट पेश की है।
सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई है और उसमें कृषि निवेश के अवसरों और वैश्विक सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केन्या सरकार के साथ कृषि क्षेत्र में व्यावहारिक सहयोग को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि करीब एक लाख हेक्टेयर भूमि पर हरियाणा के किसानों द्वारा खेती के लिए एमओयू की संभावनाओं पर ठोस प्रस्ताव तैयार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा से पहले ही अनेक कृषि उत्पाद केन्या को निर्यात किए जा रहे है और भविष्य में कृषि उत्पादन, प्रसंस्करण, आयात-निर्यात एवं निवेश के क्षेत्र में सहयोग को और बढ़ाया जाए।

नायब सैनी ने विदेश सहयोग विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मिलकर एक ऐसी कार्य योजना तैयार करें, जिसके तहत जो भी हमारे किसान विदेशों में कृषि या उससे संबंधित कार्यों में रुचि रखते हैं, उन्हें हर प्रकार की तकनीकी, हॉर्टिकल्चर और एग्रीकल्चर संबंधी सहायता समन्वयित रूप से उपलब्ध कराई जाए।
सीएम ने कहा कि इस कार्य में कृषि विश्वविद्यालयों को भी सहयोगी सदस्य के रूप में शामिल किया जाए ताकि किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग मिल सके।
उन्होंने कहा कि केन्या की जलवायु और मिट्टी भारतीय कृषि के अनुकूल है, जिससे हरियाणा के किसान वहां अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठा सकते हैं। सैनी ने कहा कि यह पहल न केवल हरियाणा की कृषि को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएगी, बल्कि राज्य के किसानों के लिए नई आर्थिक संभावनाओं के द्वार भी खोलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने कहा कि केन्या दौरा हरियाणा के किसानों, कृषि विशेषज्ञों और उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए द्वार खोलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि इस दौरे के दौरान प्राप्त निष्कर्षों और समझौतों को ठोस कार्ययोजना में बदला जाए, ताकि किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।



