Yuva Haryana: हरियाणा के कैथल में साइबर ठगी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ठगों ने एक सेवानिवृत्त महिला शिक्षिका वेद कुमारी को करीब 5 दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर 1.23 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। शातिर साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस अधिकारी, फर्जी वकील और जज बताकर ऑनलाइन सुनवाई का नाटक रचा और महिला की जिंदगी भर की जमा पूंजी अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
फर्जी कॉल से हुई शुरुआत
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 नवंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि केनरा बैंक में उनके नाम से एक फर्जी खाता खुला है, जिसमें करोड़ों रुपये का संदिग्ध और अवैध लेन-देन हुआ है। जब महिला ने ऐसे किसी खाते की जानकारी होने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उन्हें गिरफ्तारी की धमकी देकर डराना शुरू कर दिया।
फर्जी वारंट और कैमरे के सामने रहने की हिदायत
4 नवंबर को वॉट्सऐप पर दोबारा वीडियो कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताया और वॉट्सऐप पर एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट (सरकारी मुहर लगा) भेज दिया। आरोपियों ने महिला को चेतावनी दी कि वह डिजिटल अरेस्ट पर हैं और उन्हें 24 घंटे कैमरे के सामने रहना होगा व इस बारे में किसी से भी बात नहीं करनी होगी। डर के मारे महिला लगातार आरोपियों के निर्देशों का पालन करती रही।
फर्जी कोर्ट और जज का फैसला
5 नवंबर को ठगों ने ऑनलाइन सुनवाई का पूरा ड्रामा रचा। वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर कथित कोर्ट पेशी हुई, जिसमें राहुल गर्ग नाम का व्यक्ति महिला का वकील बनकर बहस करने का नाटक कर रहा था। फर्जी जज ने आदेश दिया कि निर्दोष साबित होने के लिए महिला को अपनी पूरी रकम जांच के नाम पर ‘सरकारी खाते’ में जमा करानी होगी और जांच पूरी होते ही पैसे लौटा दिए जाएंगे।
एफडी और किसान विकास पत्र तुड़वाकर गंवाए 1.23 करोड़ रुपये
पहला ट्रांसफर: डर के कारण महिला ने 5 नवंबर को एचडीएफसी (HDFC) बैंक की एफडी तुड़वाकर ₹33 लाख आरटीजीएस (RTGS) के जरिए ठगों के बताए खाते में भेज दिए।
दूसरा ट्रांसफर: 6 नवंबर को फिर फर्जी सुनवाई हुई और बाकी सारे खाते खाली करने का दबाव बनाया गया। महिला ने डाकघर से 28 किसान विकास पत्र तुड़वाकर ₹90 लाख की रकम जमा कराई और 7 नवंबर तक कुल ₹1.23 करोड़ ट्रांसफर कर दिए।
बेटे के घर लौटने पर फूटा भांडा
8 नवंबर को जब पीड़िता का बेटा घर लौटा, तब पूरी आपबीती सुनने के बाद ठगी का अहसास हुआ। बेटे ने जब ठगों से बात की तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना कैथल में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार के अनुसार, पुलिस बैंक खातों और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

