Yuva Haryana: बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत हरियाणा का सिरसा देश का पहला ऐसा जिला बनने जा रहा है, जहां अब गांवों में शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन की उम्र के आधिकारिक दस्तावेज पंचायत के पास जमा करने होंगे। पंचायत के पास हर विवाह का पूरा रिकॉर्ड रहेगा और जन्म प्रमाण पत्र के जरिए उनकी उम्र का सत्यापन किया जाएगा।
हर ग्राम पंचायत में बनेगा विवाह रजिस्टर
प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और जवाबदेही तय करने के लिए जिला प्रशासन ने बाल विवाह की रोकथाम के वास्ते अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। डीडीपीओ ने इस संबंध में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) और ग्राम सचिवों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
- हर ग्राम पंचायत में एक नया विवाह पंजीकरण रजिस्टर तैयार किया जाएगा।
- इसमें पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत होने वाले सभी विवाहों का पूरा विवरण दर्ज होगा।
- दूल्हा-दुल्हन की उम्र की पुष्टि करने वाले दस्तावेजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा।
- इससे नाबालिगों की शादियां पंचायत स्तर पर ही तुरंत रोकी जा सकेंगी।
3 महीनों से गांवों में चलाया जा रहा है विशेष अभियान
सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त प्रयासों से चल रहे ‘बाल आजादी अभियान’ को जिला प्रशासन का भी पूरा समर्थन मिला है। फाउंडेशन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुनील जागलान ने बताया कि पिछले तीन महीनों से लगातार गांवों में सर्वे, जागरूकता कार्यक्रम और समितियों का गठन करने का कार्य किया जा रहा है।
2 अक्टूबर: ग्राम सभाओं के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ विशेष संकल्प दिलाए गए।
समितियों का गठन: इसके बाद गांवों में बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का गठन कर उनकी बैठकें आयोजित की गईं।
ब्रांड एंबेसडर: लड़कियों को ब्रांड एंबेसडर बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
सामाजिक सोच में बदलाव लाना है मुख्य उद्देश्य
सुनील जागलान का कहना है कि इस अनूठी पहल का उद्देश्य केवल बाल विवाह को रोकना भर नहीं है, बल्कि गांवों में एक ऐसी सकारात्मक सोच विकसित करना है जिसमें बेटियों की शिक्षा और उनके उज्जवल भविष्य को पूरी प्राथमिकता मिले। इससे हर शादी का आधिकारिक रिकॉर्ड सीधे पंचायत के पास सुरक्षित उपलब्ध रहेगा।
डीडीपीओ अनूप सिंह के अनुसार, ग्राम सचिवों को विवाह रजिस्ट्रेशन की अधिकारिक पावर दी गई है। बाल विवाह रोकना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और रजिस्टर में शादी का पूरा विवरण दर्ज होने से इस पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

