Yuva Haryana : विपक्षी नेताओं द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को डमी सीएम बताने के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का बयान सामने आया है। करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ऐसे बयानों से कुछ नहीं होता।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि एक ही पार्टी की सरकार लगातार दो बार बनी और अब तीसरी बार भी बनी है, लेकिन सीएम अलग-अलग हो गए। ऐसे में विपक्षी लोग सोचते है कि जो पहले दो सीएम के बीच लड़ाई हुआ करती थी, वो अब क्यों नहीं हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा में संस्कार अलग हैं, हमारे नेता मिलकर काम करते हैं, जबकि दूसरी पार्टियों के लोग एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए पूरी मेहनत करते है।
मनोहर लाल ने कहा कि हम दोनों एक-दूसरे का सहयोग करते रहते है। जब मुझे सीएम से कोई काम होता है तो मैं उनसे बात करता हूं और जब सीएम को मुझसे कोई काम होता है तो वे मुझसे बात करते है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक किसी सीएम के काम सीखने की बात है तो उन्हें काम सीखने में दो साल लग गए थे।
आपको बता दें कि विपक्षी शुरू से ही निरंतर यही सवाल उठा रहे है कि प्रदेश में सीएम नायब सिंह सैनी की नहीं चलती है। आज भी मनोहर लाल और दिल्ली में बैठे लोग ही हरियाणा की सरकार को चला रहे है। विपक्षियों द्वारा यहां तक भी आरोप लगाए गए है कि सीएम खुद मानते है कि वे एक चपरासी का भी तबादला करने की ताकत नहीं रखते हैं। इसके चलते विपक्ष द्वारा सीएम के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा चुकी है।



