Yuva Haryana: हरियाणा की पंचायती राज संस्थाओं के खातों से जुड़ी 109 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बैंक अधिकारी समेत 8 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लुधियाना निवासी अजय, आगरा निवासी मोबीन, शशांक शर्मा, विशा, आकाश, रजत वर्मा, उत्पल यादव और ललित शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार एक्सिस बैंक का एक मैनेजर कथित तौर पर पैसे और रिश्वत लेकर खाते खुलवाता था, जिनके जरिए ठगी की रकम डायवर्ट की गई। एसआईटी रिमांड के दौरान मनी ट्रेल की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों और राशि की रिकवरी में जुटी है। इसके अलावा एसआईटी की अलग-अलग टीमों ने शनिवार देर रात 3 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ के बाद और गिरफ्तारियां संभव हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ठगी की रकम पहले चरण में 26 राज्यों के 523 बैंक खातों में भेजी गई और फिर उन राज्यों के लगभग 50 हजार से अधिक खातों में घुमाई गई। इतने बड़े स्तर पर पूछताछ पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। एसआईटी पहले 523 खाताधारकों से पूछताछ करेगी और उसके बाद अगले चरण में अन्य खातों के रास्ते अंतिम लाभार्थी (एंड यूजर) तक पहुंचेगी।
गौरतलब है कि इस बैंक स्कैम के बाद हरियाणा सरकार ने विभागों को निजी बैंकों से राशि निकालकर सरकारी बैंकों में जमा कराने के निर्देश दिए थे। पंचायत विभाग की कई संस्थाओं ने अपना फंड स्थानांतरित किया, हालांकि कई निजी बैंकों में अभी भी करोड़ों रुपये जमा हैं और उन्हें सरकारी बैंकों में ट्रांसफर करने की तैयारी चल रही है।
तीन बड़े सॉफ्टवेयर में खतरनाक खामी, वेबसाइट और डेटा पर कब्जे का खतरा
नई दिल्ली: भारत की सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी सर्ट-इन (CERT-In) ने 27 नवंबर को तीन प्रमुख सॉफ्टवेयर को लेकर आम लोगों और संस्थानों के लिए चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक इनमें से दो खामियां बेहद गंभीर हैं और हैकर्स इनका फायदा उठाकर सक्रिय रूप से हमले भी शुरू कर चुके हैं। यदि समय रहते इन्हें अपडेट नहीं किया गया, तो संवेदनशील डेटा चोरी होने और वेबसाइट या सिस्टम हैक होने का बड़ा खतरा है।
सर्ट-इन द्वारा बताए गए प्रमुख खतरे और बचाव के उपाय इस प्रकार हैं:
मिटेल मीकोलैब (Mitel MiCollab): इसका इस्तेमाल दफ्तरों में कॉलिंग, मैसेजिंग और वीडियो मीटिंग के लिए किया जाता है। इसके पुराने वर्जन में ऐसी सुरक्षा चूक है जिससे हैकर बिना पासवर्ड के सिस्टम में घुस सकते हैं, फाइलें अपलोड कर सिस्टम पर कब्जा कर सकते हैं, गोपनीय जानकारी चुरा सकते हैं या कामकाज ठप कर सकते हैं। इससे बचने के लिए सॉफ्टवेयर को तुरंत अपडेट करना जरूरी है।
डुपल (Duplicator): इसकी मदद से लाखों वेबसाइटें बनाई और चलाई जाती हैं। इसके सेटअप से जुड़ी एक फाइल की कमजोरी के कारण हैकर्स को वेबसाइट में सेंध लगाने का रास्ता मिल रहा है। वे सुरक्षा घेरा तोड़कर पूरी वेबसाइट पर कब्जा कर सकते हैं और हैकर्स इस खामी का सक्रिय रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं। वेबसाइट संचालकों को तुरंत अपडेट करने और मुख्य एडमिन अकाउंट के रिकॉर्ड जांचने की सलाह दी गई है।
लिनक्स (Linux): इसका उपयोग बड़े सर्वर चलाने में होता है, जहां एक बड़े कंप्यूटर पर कई छोटे वर्चुअल कंप्यूटर चलते हैं। इसमें मेमोरी प्रबंधन से जुड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जिससे किसी छोटे वर्चुअल कंप्यूटर में मौजूद हैकर मुख्य बड़े कंप्यूटर की मेमोरी में झांक सकता है या उसमें बदलाव कर सकता है। इससे उसी सर्वर पर चल रहे अन्य सिस्टम भी खतरे में पड़ सकते हैं। सर्ट-इन ने किसी भी नुकसान से बचने के लिए आधिकारिक वेबसाइट से तुरंत नया सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है।

