Yuva Haryana: हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं (ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों) के बैंक खातों से करीब 109 करोड़ रुपये की बड़ी साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि ठगी की यह रकम 1,897 ट्रांजेक्शन के जरिए सबसे पहले 523 बैंक खातों में भेजी गई और इसके बाद 26 राज्यों में खुले हजारों म्यूल अकाउंट्स में डायवर्ट कर दी गई। विशेष जांच दल (SIT) ने शुरुआती 523 बैंक खातों में जमा करीब 26 करोड़ रुपये फ्रीज करवा दिए हैं, जबकि बाकी राशि की रिकवरी के प्रयास जारी हैं।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि कई लोगों को सरकारी योजनाओं, पॉलिसी के पैसे या सरकारी भुगतान जल्द दिलवाने का झांसा देकर उनके बैंक खातों की जानकारी ली गई थी। संदिग्ध खातों और नेटवर्क की तह तक जाने के लिए एसआईटी की टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।
जांच के प्रमुख बिंदु
पोर्टल और भुगतान प्रणाली पर असर: 16 नवंबर को ठगी का मामला सामने आने के अगले ही दिन यानी 17 नवंबर से एफडीएमएसएसएफसी (फंड डिस्पर्सल मैनेजमेंट सिस्टम-स्टेट फाइनेंस कमीशन) पोर्टल बंद पड़ा है। इसके कारण ठेकेदारों और एजेंसियों के भुगतान अटक गए हैं और विकास कार्यों व भुगतान की ताजा स्थिति का ब्योरा मिलने में भी दिक्कत आ रही है।
फोरेंसिक जांच और सुरक्षा की पड़ताल: साइबर पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस की फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम उन 523 बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें पहली बार रकम ट्रांसफर हुई थी। इस दौरान यह भी खंगाला जा रहा है कि सेंधमारी बैंक के स्तर पर हुई, पोर्टल संचालित करने वाली निजी कंपनी के सिस्टम में लगी या किसी विभागीय चूक के कारण हुई।
चेकर-मेकर रिपोर्ट और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ: पंचायत विभाग ने सभी जिलों से जिला परिषद, डीडीपीओ और बीडीपीओ कार्यालयों के चेकर व मेकर की रिपोर्ट तलब की थी, जो विभाग को सौंप दी गई है। एसआईटी उन 523 खाताधारकों के साथ-साथ संबंधित बैंक मैनेजर, क्लर्क और खाता खुलवाने के समय बने गारंटरों से भी पूछताछ करेगी।

