Yuva Haryana: प्रवर्तन निदेशालय ने कोडीन सिरप तस्करी मामले में हरियाणा में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पानीपत में बीजेपी नेता नीतिसेन भाटिया के बेटे नीरज भाटिया की कंपनी की एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
जांच में 2018 से 2024 के बीच 16.74 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है और इससे 2.92 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया गया। ईडी ने फरवरी 2025 में छापेमारी कर नकदी और गहने भी बरामद किए थे।
दरअसल, ईडी के जम्मू सब जोन ने ये कार्रवाई की, जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई जम्मू नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से दर्ज कप सिरप मामले में की है। इस मामले में नीरज भाटिया, निकेत कंसल और उनके सहयोगियों पर कोरेक्स और कोडीन खांसी सिरप की दवा को अवैध रूप से नशे के रूप में आपूर्ति करने के आरोप लगाए गए है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय इस गिरोह के अब तक सात सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके है, जबकि करीब 34 किलो कोडीन सिरप भी जब्त किया जा चुका है।
नीरज भाटिया सिरमौर ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, जिससे इस मामले को और भी संवेदनशील माना जा रहा है।
जांच के दौरान ईडी ने फरवरी 2025 में नीरज भाटिया और निकेत कंसल के पानीपत और बद्दी स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 32 लाख रुपये कैश और 1.61 करोड़ रुपये के गहने बरामद हुए थे।
9 महीने पहले पानीपत के वरिष्ठ भाजपा नेता नीतिसैन भाटिया के माडल टाउन स्थित घर पर 17 घंटे लंबी कार्रवाई की थी। यहां से टीम ने 6 लाख कैश, विदेशी शराब और ज्वेलरी के 50–60 खाली बाक्स बरामद किए थे। साथ ही, हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की पानीपत स्थित जमीन को भी अचल संपत्ति के रूप में अस्थायी तौर पर अधिस्थगित कर दिया गया था।
उनके घर में डिफेंडर समेत पांच गाड़ियां और दो विदेशी नस्ल के कुत्ते भी थे। टीम उनके घर से तीन बड़े बॉक्स और एक थैले में सामान ले गई थी।



