Yuva Haryana: हरियाणा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने 4 दिवसीय सिंगापुर दौरे के दौरान घोषणा की है कि गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर (World-Class Convention Centre) का निर्माण किया जाएगा।
सिंगापुर दौरे के दौरान बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा
अपने दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के ‘सनटेक सिटी’ (Suntech City) का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध अत्याधुनिक सम्मेलन सुविधाओं, आधुनिक इंजीनियरिंग, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा संचालन प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सिंगापुर के कन्वैंक्शन सेंटर की तर्ज पर ही गुरुग्राम के प्रस्तावित सेंटर को भी अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यापारिक बैठकें, प्रदर्शनी, निवेशक सम्मेलन और वैश्विक स्तर के आयोजन हरियाणा में आयोजित कराना है।
‘गार्डन्स बाय द बे‘ में पर्यावरण एवं जल प्रबंधन को समझा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ (Gardens by the Bay) का भी दौरा किया। वहां उन्होंने पौधों की प्रजातियों के संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं, रीसाइक्लिंग वाटर सप्लाई और जल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय तकनीकों और अनुभवों का उपयोग हरियाणा को और अधिक हरित, विकसित तथा पर्यावरण-अनुकूल बनाने में किया जाएगा।
सिंगापुर प्रवास में दिखा आत्मीय अंदाज
सिंगापुर यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी का बेहद सहज और आत्मीय रूप देखने को मिला। उन्होंने वहां मौजूद भारतीय एवं विदेशी पर्यटकों से गर्मजोशी से बातचीत की और तस्वीरें खिंचवाईं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा— “अपने तो अपने होते हैं! देश में मिले या फिर परदेस में…”।
मानसर में बनेगा हाई-टेक पार्क
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मानेसर में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के साथ-साथ एक विशाल एवं सुंदर पार्क बनाने का भी ऐलान किया। इससे क्षेत्र के औद्योगिक और बुनियादी विकास को रफ्तार मिलेगी और स्थानीय निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।
‘सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन‘ के कार्यक्रम में शिरकत
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन’ (Singapore Business Federation) द्वारा आयोजित निवेश सम्मेलन में भाग लिया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सिंगापुर में भारत के राजदूत भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों व वैश्विक निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा उद्योग, व्यापार, तकनीक और कुशल जनशक्ति (Skilled Manpower) के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सिंगापुर के उद्योग जगत के साथ हुई इस सकारात्मक चर्चा से राज्य में नए निवेश और औद्योगिक सहयोग के अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।
दौरे में मौजूद प्रमुख अधिकारी व प्रतिनिधि:
इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा एच.एस.आई.आई.डी.सी. के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

