Yuva Haryana: हिसार और हांसी जिलों की त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं में हुए 7 करोड़ 64 लाख 43 हजार रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विभाग ने इस पूरे मामले की विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यालय (हेड ऑफिस) भेज दी है और अब वहां से मिलने वाले निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
कैसे हुआ 7.64 करोड़ का घोटाला?
प्रारंभिक विभागीय जांच में सामने आया है कि स्टेट फाइनेंस कमीशन (एसएफसी) स्कीम के तहत सिंगल नोडल एजेंसी (एसएनए) खातों से बिना किसी संबंधित वाउचर या बिल के करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया। जिला परिषद, 9 ब्लॉक समितियों के 10 खातों और विभिन्न गांवों की 47 ग्राम पंचायतों के खातों से यह राशि निकाली गई है। इसके पीछे एसएनए पोर्टल पर अनधिकृत पहुंच या हैकिंग की प्रबल आशंका जताई जा रही है, जिससे डिजिटल सुरक्षा प्रणाली और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्राम पंचायतों और इकाइयों से संदिग्ध निकासी
प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, हिसार-हांसी क्षेत्र के 9 ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों के खातों से करीब 3 करोड़ 89 लाख 70 हजार रुपये गायब हुए हैं। जांच के दौरान पंचायतों की एंट्री, वाउचर और खर्च बिलों का मिलान किया गया है।
ब्लॉकवार प्रभावित पंचायतें और गायब राशि (लाख रुपये में):
हिसार प्रथम: 10 पंचायतें, 86.51 लाख रुपये
हिसार द्वितीय: 5 पंचायतें, 42.11 लाख रुपये
हांसी प्रथम: 9 पंचायतें, 57.66 लाख रुपये
हांसी द्वितीय: 1 पंचायत, 7.00 लाख रुपये
आदमपुर: 6 पंचायतें, 44.72 लाख रुपये
बरवाला: 7 पंचायतें, 56.1 लाख रुपये
उकलाना: 5 पंचायतें, 72.50 लाख रुपये
नारनौंद: 3 पंचायतें, 21.60 लाख रुपये
अग्रोहा: 1 पंचायत, 1.50 लाख रुपये
कई गांवों के खातों का बैलेंस शून्य हो गया है। सामने आए विवरणों के मुताबिक, गंगवा ग्राम पंचायत से 42 लाख रुपये, लाडवा पंचायत से 13।90 लाख रुपये और खेदड़ से 12 लाख रुपये निकलने के कारण इन तीनों गांवों के खाते शून्य हो गए। इसके अलावा आदमपुर में 10 लाख, भगाणा में 8 लाख, खरड़ व भोजराज में 6-6 लाख, सीसवाल में 5 लाख और मय्यड़ में 4 लाख रुपये सहित कई गांवों से संदिग्ध निकासी दर्ज की गई है।
वहीं, जिला परिषद और ब्लॉक समितियों की 10 इकाइयों के खातों से करीब 3 करोड़ 65 लाख 63 हजार 05 रुपये की संदिग्ध निकासी हुई है, जिसमें हांसी प्रथम और हिसार प्रथम ब्लॉक सबसे अधिक प्रभावित बताए गए हैं।
निगरानी कमेटी और पीएनबी खातों की पड़ताल
जिला परिषद प्रशासन ने मामले की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय मॉनिटरिंग कमेटी गठित की है, जिसमें पंचायत विभाग के अकाउंट ऑफिसर, सुपरिटेंडेंट और अकाउंटेंट शामिल हैं। यह कमेटी वर्तमान फ्रॉड से पहले हुए भुगतानों की भी जांच कर रही है। ब्लॉक स्तर पर बीडीपीओ के माध्यम से पंचायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है। पीएनबी (PNB) में जब से ये खाते खुले हैं, तभी से अब तक के सभी भुगतानों की जांच कराई जा रही है ताकि वास्तविक गबन और प्रक्रियागत देरी के कारण अटके भुगतानों का स्पष्ट हिसाब बिलों के पूर्ण मिलान के बाद सामने आ सके।
पोर्टल पर रोक से गांवों में विकास कार्य अटके
फ्रॉड के बाद सरकार ने एसएफसी पोर्टल पर रोक लगा दी है, जिसके चलते प्रभावित ब्लॉक समिति और गांवों के साथ-साथ उन गांवों में भी कामकाज ठप हो गया है जिनके खातों से राशि नहीं निकली। एसएफसी की राशि से गलियों के निर्माण, पार्कों के सुधारीकरण, धर्मशालाओं के निर्माण और रिपेयरिंग जैसे कार्य होने थे।
गंगवा गांव के सरपंच भगवान दास के अनुसार, गांव में 8 गलियों के निर्माण, सुधार, कुम्हार धर्मशाला, चौपालों और कम्युनिटी सेंटर का काम पैसे के अभाव में रुक गया है, साथ ही पहले हुए चार निर्माण कार्यों का भुगतान भी अटका हुआ है। सरपंचों ने मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान कराया जाए।

