Yuva Haryana: हरियाणा में चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर कांग्रेस एक बार फिर मैदान में उतरने जा रही है। पार्टी आज यानी 12 नवंबर से 24 नवंबर तक प्रदेशभर के गांवों में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान चलाएगी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चारपाई, मूढ़े और हुक्के के साथ देसी अंदाज में चौपाल लगाएंगे और एसआईआर (SIR), वोट चोरी, ईवीएम व चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली जैसे मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे।
अभियान में शामिल होंगे ये दिग्गज नेता
इस प्रदेशव्यापी मुहिम को सफल बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व गांव-गांव का दौरा करेगा। अभियान में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल हैं:
- प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह
- नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा
- राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला
- पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर और उदयभान
चुनाव में हेराफेरी से जनादेश पलटने का आरोप
कांग्रेस ने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी के पक्ष में आए जनादेश को सुनियोजित चुनावी हेराफेरी और ‘वोट चोरी’ के जरिए पलट दिया गया, जिसका सीधा राजनीतिक लाभ भाजपा को पहुंचा। पार्टी का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूचियों में संदिग्ध प्रविष्टियों, डुप्लीकेट वोटरों और संदेहास्पद पतों को लेकर किए गए खुलासों ने चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में विफल रहा है और आयोग की कार्यप्रणाली भाजपा के राजनीतिक हितों के करीब नजर आती है।
जनता के बीच जाकर बनाएंगे जन आंदोलन: संजय दत्त
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने स्पष्ट किया है कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल महज जनसभाओं की एक श्रृंखला नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को सीधे आम जनता के बीच ले जाने का एक व्यापक जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि इन चौपालों के माध्यम से मतदाता सूचियों में हेराफेरी के खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाएगा और प्रत्येक नागरिक के मौलिक मतदान अधिकार की सुरक्षा के लिए प्रदेशव्यापी जनमत तैयार किया जाएगा।

