Yuva Haryana : हरियाणा के अंबाला शहर के पास धूलकोट गांव में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मजदूर चार इंच की दीवार पर लेंटर डालने का काम कर रहे थे। मलबे में 17 मजदूर दब गए, जिनमें से 5 की मौत हो गई, जबकि 12 घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
छह घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एऩडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया।
2925 वर्ग फीट में बन रही थी इमारत
निर्माणाधीन इमारत करीब 2925 वर्ग फीट में बनाई जा रही थी। भवन के निर्माण में इस्तेमाल हो रही चार इंच की दीवार पर लेंटर का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी संरचना गिर गई और मजदूर मलबे में दब गए।
मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के समय मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

