Yuva Haryana : बीते दो दिनों में भारत के कई राज्यों में बड़े सड़क हादसे हुए है। इन कई हादसों में करीब 40 लोगों की मौत हो चुकी है। यह हादसे राजस्थान, तेलंगाना और हरियाणा में हुए।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भयंकर भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां मौत बनकर डंपर सड़क पर उतारा और 28 सेकंड में एक दर्जन से ज्यादा वाहनों कुचलते हुए कोहराम मचा दिया।

यह घटना जयपुर में सीकर रोड पर सोमवार को हुई। हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार डंपर ने वाहनों को कुचलते हुए 200 फीट बाईपास पहुंचा तो वहां से गुजरते ट्रैलर के सामने आने पर रुका। इस दौरान वहां से गुजरती कार पर पलट गया। कार सवार पांच लोग दब गए। अब तक इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर नशे में था और सौ किलोमीटर प्रति घंटे से भी तेज रफ्तार से दौड़ लगाता गाड़ियों को रौंदता गया। करीब आधा किलोमीटर तक जो वाहन,पैदल राहगीर सामने आए, उन्हें कुचलता गया। कई कारें, बाइक भी चपेट में आईं।

वहीं रविवार को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई। चेवेला मंडल के खानापुर गेट के पास एक भीषण सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब टीजीएसआरटीसी की बस और ग्रेवल से लदा एक टिपर ट्रक आमने-सामने टकरा गए। हादसा सुबह के समय हुआ जब ट्रक गलत दिशा से आ रहा था और सीधे बस से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का भारी माल बस पर जा गिरा, जिससे कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।

हरियाणा के सोनीपत जिले में भी गोहाना हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी की मौत हो गई। गांव खेड़ी धमाका के पास इको गाड़ी और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई। वहीं गांव के ही रहने वाले तीन और लोग इस सड़क हादसे में घायल हो गए।

वहीं हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जम्मू-कश्मीर से काम करने आए लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। पिहोवा रोड पर लोहार माजरा के समीप सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। छह अन्य लोगों को भी चोटें आई है। खानपुर के नजदीक स्थित एक रिजॉर्ट में कैटरिंग का काम करके पंजाब के पटियाला लौट रहे वेटर स्टाफ से भरी क्रूजर गाड़ी की लोहार माजरा के नजदीक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो गई।



