Yuva Haryana : हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में हरियाणा सरकार ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है। सरकार द्वारा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया हैं। अब हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, पंचकूला के प्रबंध निदेशक, एफएसएल मधुबन के निदेशक और एचएसबीएनसीबी (मुख्यालय) के महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह डीजीपी हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। सरकार ने इसके आदेश भी जारी कर दिए है।

आपको बता दें कि हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद सुर्खियों में आए थे। वे 1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने 16 अगस्त 2023 को हरियाणा के डीजीपी का पद संभाला था।

वाई पूरन कुमार ने अपनी सुसाइड नोट में कई वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रशासनिक उत्पीड़न, पक्षपात और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया था, जिसमें डीजीपी कपूर का नाम भी शामिल है। इस गंभीर मामले को देखते हुए हरियाणा सरकार ने डीजीपी कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है।
वहीं इस सुसाइड केस में रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारणिया सहित आठ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगे है। इसे देखते हुए सरकार ने शनिवार को एसपी बिजारणिया का तबादला कर दिया था।



