Yuva Haryana : हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की मुहिम ने एक बार फिर असर दिखाया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य का लिंगानुपात में सुधार देखने को मिला है।
गिरते लिंगानुपात को बचाने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों के चलते राज्य में बेटियों की संख्या बढ़ने लगी है। राज्य के 15 जिलों में जन्म के समय लिंगानुपात में वृद्धि दर्ज की गई है। दो जिलों का लिंगानुपात स्थिर है, जबकि पांच जिलों में फिलहाल कोई प्रगति नहीं हुई है।
हरियाणा सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य का लिंगानुपात बढ़कर 912 पहुंच गया है, जो कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 904 था। ऐसे में पूरे आठ अंक का सुधार दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा इस साल अक्टूबर 2025 तक का तक है।
इस बारे स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आगामी दो महीने भी इसी तरह की गति रही तो पिछले साल के मुकाबले इस बार सुधार देखने को मिल सकता है।
बेटी को जन्म देने में ये जिले आगे
- पंचकूला
- पानीपत
- फतेहाबाद
- गुरुग्राम
- रोहतक
- कैथल
- कुरुक्षेत्र
- जींद
- रेवाड़ी
- भिवानी
- फरीदाबाद
- करनाल
- महेंद्रगढ़
- नूंह
- यमुनानगर
वहीं पलवल, दादरी, सिरसा, सोनीपत और झज्जर जिले में ज्यादा प्रगति नहीं हुई है। हिसार और अंबाला का लिंगानुपात अभी पिछले साल के बराबर ही रहा है। ऐसे में अब जिन जिलों में फिलहाल सुधार नहीं है, वहां राज्य सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
आपको बता दें कि 2024 में लिंगानुपात गिरने पर हरियाणा सरकार की मुहिम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को बड़ा झटका लगा था। इसके बाद सरकार ने इसे गंभीरता से लिया और एक विशेष टास्क फोर्स गठित कर सख्त कार्रवाई शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा में अवैध गर्भपात के मामलों पर रोक लगाने के लिए 12 सप्ताह से अधिक गर्भपात के मामलों की रिवर्स ट्रैकिंग की है। इसमें 824 मामले ट्रेस किए गए, जिनमें 57 एफआईआर दर्ज की गई। 38 निजी अस्पताल व केंद्रों को नोटिस दिया गया। 20 मामलों की जांच पुलिस कर रही है। वहीं, 222 सहेली व 34 एएनएम, पांच एसएमओ व सात एमओ को नोटिस दिया जा चुका है।
जानकारी यह भी है कि चरखी दादरी के गोपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ को खराब लिंगानुपात के लिए आरोप पत्र जारी किया गया है। इसके अलावा, नारायणगढ़, मुलाना और चौरमस्तपुर के प्रभारी एसएमओ और पलवल, चरखी दादरी, सिरसा और सोनीपत के सीएमओ को इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।



