Yuva Haryana : हरियाणा के एडीजीपी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या पर विवाद एक हफ्ते बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पक्ष और विपक्ष के नेताओं का उनके घर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच केंद्र की भाजपा सरकार में केंद्रीय सामाजिक एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने पूरन कुमार के परिवार की मांगों का समर्थन किया है।
रामदास अठावले ने पूरन कुमार के परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्रीन नायब सैनी ने जापान से वापस आते ही आरोपियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि समाज के अनेक लोग यहां पर आ रहे हैं। इस मामले में डीजीपी और एसपी पर आरोप हैं। ऐसे में परिवार की मांग है कि आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हमारी भी मांग है कि डीजीपी और एसपी पर कार्रवाई हो।
अठावले ने यह भी कहा कि पूरा एससी समाज इस मामले में परिवार के साथ है। अठावले ने ने यह भी चिंता व्यक्त की कि 75 साल बाद भी आज संविधान का अपमान हो रहा है और पोस्टमार्टम, अंतिम संस्कार न होना अच्छी बात नहीं है।
रामदास अठावले ने यह भी कहा कि गलत काम कोई और करता था और इल्जाम पूरन कुमार पर लगा दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल के बाद भी अब तक देश में दलित विरोधी मानसिकता खत्म नहीं हुई है।



