Yuva Haryana : हरियाणा में सरकारी स्कूलों के कायाकल्प के लिए राज्य सरकार ने नए आदेश जारी किए है। दरअसल, अब सरकारी स्कूलों के खस्ताहाल भवनों को गिराकर नए भवन का निर्माण किया जाएगा।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार हरियाणा में करीब 2800 सरकारी स्कूल चिन्हित किए गए है, इनमें कक्षाएं खस्ताहाल कमरों में ही चल रही हैं।
ऐसे में राज्य सरकार ने सभी असुरक्षित भवनों को गिराने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया है। 30 सितंबर तक स्कूल भवनों के सत्यापन, कंडम घोषित करने और ध्वस्तीकरण का काम पूरा करने के आदेश जारी किए गए है।
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जल्द ही शिक्षा विभाग के साथ समीक्षा बैठक करेंगे, जिसकी तैयारी में विभागीय अधिकारी जुटे हुए है।
आपको बता दें कि हाल ही में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी अतिरिक्त उपायुक्तों, जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। बैठक में ये स्पष्ट किया गया कि असुरक्षित इमारतों को ढहाने से लेकर बजट खर्च न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा मानसून के दौरान करीब 700 स्कूलों में जलभराव की समस्या सामने आई थी। अब इन स्कूलों में मिट्टी का भराव करने के साथ ही चहारदीवारी का निर्माण किया जाएगा। इनमें 647 स्कूलों में मौसमी और 53 स्कूलों में स्थायी रूप से पानी भरने की समस्या से निजात पाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों से नया बजट एस्टिमेट मांगा गया है।
वहीं 150 राजकीय विद्यालयों के नए भवन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए जाने का भी फैसला लिया गया है।



