Yuva Haryana : दक्षिण हरियाणा के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां के लिए प्रस्तावित झज्जर-लोहारू नई रेल लाइन परियोजना में नया अपडेट आया है। दरअसल, इस रेल के लिए केंद्र सरकार का सर्वे का काम पूरा हो चुका है और परियोजना अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है।
इस बारे भाजपा की राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने बताया है कि उन्होंने अगस्त 2025 में भारत के रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को नई लाइन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, जिसमें दक्षिण हरियाणा में बेहतर रेल संपर्क और राजस्थान व गुजरात के लिए एक छोटे मार्ग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया था।

अब इस प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए रेल मंत्रालय ने एक व्यवहार्यता अध्ययन कराया, जो कि अब पूरा हो चुका है। परियोजना अब योजना और डिजाइन चरण में प्रवेश कर चुकी है, जिसमें विस्तृत चित्र और तकनीकी योजनाएं तैयार करना शामिल है। ये दस्तावेज वित्तीय अनुमोदन और मंज़ूरी के लिए शीघ्र ही रेलवे बोर्ड को प्रस्तुत किए जाएंगे।
किरण चौधरी ने ये भी बताया कि वे इस परियोजना के लिए रेल मंत्रालय के साथ निरंतर संपर्क में है और प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि झज्जर और लोहारू के बीच नया रेल संपर्क विकास के नए रास्ते खोलेगा, यात्री और माल ढुलाई संपर्क को बेहतर बनाएगा और दक्षिणी हरियाणा के लोगों को बहुत लाभ पहुंचाएगा।
इस रेल लाइन का प्रस्तावित नक्शा

उन्होंने रेलवे बोर्ड का आभार जताते हुए आगे कहा कि उनके इस प्रस्ताव पर रेलवे विचार किया और इसे आगे बढ़ाया। इस रेल लाइन के पूरा होने पर यह रेलवे लाइन न केवल हरियाणा के अंदर संपर्क में सुधार लाएगी बल्कि राजस्थान और गुजरात के लिए भी एक महत्वपूर्ण संपर्क प्रदान करेगी और इलाके के विकास में वरदान साबित होगी।
प्रस्तावित झज्जर-लोहारू लाइन से हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (एचओआरसी) का भी पूरक बनने और बहादुरगढ़, गुरुग्राम और अन्य प्रमुख शहरों के साथ मजबूत संपर्क बनाने और राज्य के समग्र रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की उम्मीद है।



