Yuva Haryana : हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड से कुछ राहत मिलने आसार है या नहीं ? चलिए आपको बताते है।
प्रदेश में बढ़ती ठंड के कारण पारा चार डिग्री के आस-पास आ गया है। प्रदेश में कई जगहों पर शीतलहर का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिसके चलते तापमान दो से तीन डिग्री के पास पहुंचने की संभावना है।
मौसम जानकारी के मुताबिक 10 जनवरी तक प्रदेश में ठंड से राहत के कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद हरियाणा के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी के लिए प्रदेश के कई इलाकों में घने से घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सात जनवरी तक प्रदेश में देर रात और सुबह घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज लगातार ठंडा होता जा रहा है और इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है।
शनिवार को उत्तराखंड के चमोली जिले की नीति घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। घाटी में स्थित अंतिम आबाद गांव पूरी तर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया।
वहीं हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। हालांकि, कुल्लू, मनाली और लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों पर हल्की-हल्की बर्फबारी जरूर देखने को मिली। रोहतांग दर्रा, पीर पंजाल पर्वत पर बर्फ के फाहे गिरे।



