Yuva Haryana : हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज एक बार फिर से अफसरों पर आग बबूला हुए है। उन्होंने सिरसा के एसपी की कलास लगाते हुए दो कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए है।
इनमें एक पुलिस विभाग और एक बिजली विभाग से संबंधित कर्मचारी है। दरअसल, अनिल विज शुक्रवार को सिरसा में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
अनिल विज ने कहा कि शिकायतों के आधार पर आज उन्होंने दो कर्मियों को सस्पेंड किया है। उन्होंने कहा कि वह शिकायतों के आधार पर इंसाफ करते हैं और जिसने गलत कार्य किया है उसके खिलाफ कार्रवाई तो होगी।
विज ने कह कि 31 पेड़ काटने के आरोप के मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है जोकि मौके पर जाकर देखेगी। यदि गड़बड़ी मिली तो वह उसपर भी एक्शन लेंगे।
गत दिनों कुरुक्षेत्र में गीता जयंती महोत्सव के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज को गाड़ी नहीं मिलने के सवाल पर मंत्री अनिल विज ने कहा कि इसमें किसी का भी कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का भी दोष नहीं है, उनका कुरुक्षेत्र जाने का कोई कार्यक्रम नहीं था और उन्हें तो न्यौता भी नहीं था।
विज ने आगे कहा कि वह अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करने गए थे और रक्षा मंत्री ने हेलीकॉप्टर में बैठते ही उन्हें भी कुरुक्षेत्र जाने का अनुरोध किया और वह रक्षामंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में चले गए और कुरुक्षेत्र में उनकी कार में बैठकर ब्रह्मसरोवर चले गए। आगे कार में कोई और बैठ गया, बस इतनी सी बात थी जिसमें किसी का कोई दोष नहीं है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले कुरुक्षेत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ गया था जब काफिला रवाना होने के बाद उन्हें कोई वाहन नहीं मिला। काफिले में कोई गाड़ी नहीं रुकी तो बाद में सांसद नवीन जिंदल की टीम ने उन्हें लिफ्ट दी और वे कार्यक्रम में पहुंचे। इसका वीडियो भी खासा वायरल हुआ था।



