Yuva Haryana : हरियाणा में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या से गरमाए प्रदेश के माहौल के बीच 17 अक्टूबर को सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को स्थगित कर दिया गया है।
दरअसल, हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के एक साल के कार्यकाल पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी हरियाणा आ रहे थे। यहां तक कि राई एजुकेशन सिटी में होने वाली इस रैली की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी थी।
लेकिन, अब अचानक भाजपा ने इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया है। विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने इसकी जानकारी दी है। फिलहाल, रैली की नई तारीख का ऐलान जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही है।
आपको बता दें कि 17 अक्टूबर 2024 को भाजपा की लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनी थी और नायब सिंह सैनी दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इस सालगिरह के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी सोनीपत आकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं की घोषणा करने वाले थे। कई दिनों से सरकार और भाजपा इस रैली की तैयारी में जोर-शोर से जुटी हुई थे, लेकिन अचानक रैली के स्थगित करने बाद अब अगली तारीख का इंतजार शुरू हो गया है।



