Yuva Haryana: रिश्तों की संवेदनहीनता और इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद दुखद मामला पानीपत से सामने आया है। यहां सेक्टर-25 स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाले 35 वर्षीय युवक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई, लेकिन अंतिम संस्कार के लिए उसकी सगी बहन तक ने आने से साफ इनकार कर दिया। समाजसेवी संस्था द्वारा ट्रेन का टिकट कराने की पेशकश के बावजूद बहन ने काम का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया। अब स्थानीय समाजसेवी संस्था ‘जनसेवा दल’ ने मानवता का परिचय देते हुए मृतक के अंतिम संस्कार का जिम्मा उठाया है।
पत्नी और बच्चे पहले ही छोड़ चुके थे साथ
जनसेवा दल के सदस्य चमन गुलाटी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गया प्रसाद नाम के एक 35 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई है। संस्था के सदस्य ही उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे और शव को मॉर्चरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार, गया प्रसाद शादीशुदा था, लेकिन उसकी पत्नी और बच्चे काफी समय पहले ही उसे छोड़कर जा चुके थे।
लखनऊ में रहने वाली बहन का बेरुखा जवाब
गया प्रसाद के निधन के बाद समाजसेवी संस्था ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहने वाली उसकी सगी बहन से फोन पर संपर्क किया। संस्था ने बहन को भाई की मौत की सूचना दी और शव ले जाने या अंतिम संस्कार में शामिल होने का आग्रह किया। संस्था ने यहां तक कहा कि वे उनके आने-जाने के लिए ट्रेन का टिकट भी करवा देंगे, लेकिन बहन के जवाब ने सभी को स्तब्ध कर दिया। बहन ने साफ शब्दों में आने से मना करते हुए कहा कि वह बहुत दूर रहते हैं और उसके पति खेतों में काम कर रहे हैं, वे काम छोड़कर नहीं आ सकते। उसने संस्था से ही अपने हिसाब से अंतिम संस्कार करने को कह दिया।
एक सप्ताह में दूसरी ऐसी घटना: अपनों के इंतजार में रखी हैं अस्थियां
गौरतलब है कि पानीपत में महज एक सप्ताह के भीतर रिश्तों को शर्मसार करने वाला यह दूसरा मामला है। इससे पहले 65 वर्षीय बुजुर्ग सुशील कुमार सिंह के निधन के बाद भी उनकी बेटियां और परिजन अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए थे, बल्कि केवल वीडियो कॉल के जरिए ही अंतिम दर्शन किए थे।
सुशील कुमार सिंह की मौत के 7-8 दिन बीत जाने और सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित होने के बावजूद कोई भी परिजन उनकी अस्थियां (फूल) लेने नहीं पहुंचा। जनसेवा दल द्वारा संपर्क करने पर भी परिवार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। शनिवार को संस्था के सदस्य कृष्ण मनचंदा, चमन गुलाटी, कमल गुलाटी, सतीश चुघ, बंटी, वासु और मदन साइकिल वाले ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्थियां चुनकर शिवपुरी में सुरक्षित रखवा दी हैं। संस्था का कहना है कि वे कुछ समय और परिजनों का इंतजार करेंगे, और यदि फिर भी कोई नहीं आता है तो हरिद्वार ले जाकर अस्थियों का विसर्जन कर दिया जाएगा।

