Yuva Haryana: कुरुक्षेत्र की पिहोवा मंडी में धान खरीद में कथित फर्जीवाड़े के तार अब कैथल तक पहुंच गए हैं। आरोप है कि कैथल के कुछ लोगों ने दूसरे गांवों की जमीन पर ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया और करीब 30 किलोमीटर दूर पिहोवा मंडी में लगभग 100 एकड़ का धान बेच दिया।
दस्तावेजों में धान की आवक के लिए दर्ज वाहन नंबरों की सीरीज पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरटीओ इंस्पेक्टर के अनुसार, संबंधित नंबर सीरीज किसी राज्य के परिवहन विभाग की नहीं है। मामला सामने आने के बाद कैथल, चीका, सीवन, कलायत और पुंडरी की मंडियां भी जांच के दायरे में आ गई हैं।
कैसे सामने आया पूरा मामला
उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, गांव खुराना के एक परिवार के तीन सदस्यों—सरोज, राजेश और सचिन ने मलिकपुर गांव की 75 एकड़ जमीन का पंजीकरण कराया। इसके आधार पर पिहोवा की सैनी इंटरप्राइजेज फर्म पर धान की बिक्री दिखाई गई। पोर्टल पर धान की आवक के लिए एक-एक मिनट के अंतराल पर गेटपास काटे गए। व्यस्त सीजन में इतने कम अंतराल पर लगातार आवक दर्ज होना भी जांच का विषय है।
इसी तरह कलायत के वार्ड नंबर 13 की निवासी रेखा रानी ने टीक गांव की 25 एकड़ जमीन का पंजीकरण कराकर इसी फर्म पर धान बेचा। इन दोनों मामलों में करीब 100 एकड़ का धान पिहोवा मंडी में बेचे जाने का रिकॉर्ड सामने आया है।
जिन वाहनों से आवक दिखाई, उनकी सीरीज संदिग्ध
दस्तावेजों के मुताबिक, खुराना निवासी राजेश 21 अक्टूबर को करीब 80 क्विंटल धान लेकर पिहोवा मंडी पहुंचा। इसके लिए ट्रैक्टर-ट्राली का नंबर ‘आरजेड1कै/6096’ दर्ज किया गया। इसी दिन सरोज के नाम पर कटे गेटपास में सैनी इंटरप्राइजेज की ओर से 100 क्विंटल धान की आवक के लिए ‘आरओ8पीडी83’ नंबर दर्ज किया गया।
आरटीओ इंस्पेक्टर गुलाब सिंह के अनुसार, ‘आरजेड’ और ‘आरओ’ की संबंधित सीरीज किसी राज्य में पंजीकरण के लिए जारी नहीं की गई है। ऐसे में इन नंबरों से धान की आवक दिखाए जाने की भी जांच जरूरी है।
सात हजार किसानों का रिकॉर्ड जांच के दायरे में
पिहोवा मामले के तार कैथल से जुड़ने के बाद जिला प्रशासन के सामने भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। जिले में करीब चार हजार ऐसे किसान हैं, जिन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण तो कराया लेकिन मंडी में धान बेचने नहीं पहुंचे। इसके अलावा करीब तीन हजार किसानों के नाम पर मल्टीपल एंट्री यानी एक से अधिक बार पंजीकरण होने की जानकारी सामने आई है। इन दोनों तरह के रिकॉर्ड की जांच से यह पता लगाया जा सकेगा कि कहीं पंजीकरण का इस्तेमाल फर्जी खरीद दिखाने के लिए तो नहीं किया गया।
मंडियों में घोटाले के आरोप और प्रशासन का रुख
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) के युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना ने आरोप लगाया कि आढ़ती, एजेंसियां और अधिकारी किसानों का शोषण कर रहे हैं और कैथल की मंडियों में भी करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस वडैच ने आरोप लगाया कि पिहोवा मंडी में ऑनलाइन खरीद पोर्टल शुरू होने के बाद से ही एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो हर सीजन में कागजों पर नई फर्म तैयार करता है और दूसरे जिलों की जमीन के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धान की खरीद दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासनिक टीम की भौतिक जांच में सैनी इंटरप्राइजेज समेत कई फर्म मौके पर नहीं मिलीं।
वहीं, कैथल के एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि फर्जी पंजीकरण को लेकर अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, हालांकि सामने आ रहे गांवों और व्यक्तियों के नाम के आधार पर जांच कराई जाएगी। पंजीकरण की स्थिति भी जांची जाएगी और जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

