Yuva Haryana: शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार रात पंचकूला में लाल-नीली अनधिकृत बत्ती लगी कार को रोककर जांच की गई। वाहन में कई अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन भी पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक का 30 हजार रुपये का चालान किया।
पुलिस के मुताबिक, डीसीपी (क्राइम एंड ट्रैफिक) अमरिंदर सिंह की नजर कार पर पड़ी। उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद डीसीपी ने वाहन का पीछा कर सेक्टर-15 के पास उसे रोक लिया।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान कई नियमों का उल्लंघन सामने आया। पुलिस ने 30 हजार रुपये का चालान करने के साथ वाहन को जब्त कर सेक्टर-14 पुलिस थाने भेज दिया।
अनधिकृत लाल-नीली बत्ती पर पुलिस की सख्ती
पुलिस ने कहा कि वाहनों पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल गंभीर मामला है। इससे आम लोगों के बीच यह भ्रम पैदा हो सकता है कि वाहन किसी अधिकृत आपातकालीन या सरकारी सेवा से जुड़ा है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर नाइंस ने कहा कि पुलिस अधिकारी नियमों के उल्लंघन पर लगातार नजर रख रहे हैं और दोषी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सार्वजनिक स्थान है और प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह दूसरों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखे।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अनधिकृत लाइट, स्टीकर, सायरन, काली फिल्म या अन्य प्रतिबंधित सामान के साथ पकड़े जाने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

