Yuva Haryana: प्लॉट फर्जीवाड़े के बहुचर्चित मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की बेटी रोशनी बिश्नोई और उनके पति अनूप बिश्नोई की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। विशेष जांच दल (SIT) ने रोशनी बिश्नोई के खिलाफ उद्घोषणा (Proclamation) की कार्यवाही पूरी कर अपनी रिपोर्ट अदालत में जमा कर दी है।
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) सचिन सिंह की अदालत में चल रहे इस मामले में अब 27 नवंबर को अगली सुनवाई होगी। इस दिन अदालत रोशनी बिश्नोई और उनके पति के खिलाफ जारी किए गए गिरफ्तारी वारंट को रद्द करने की याचिका पर दोनों पक्षों की बहस सुनेगी।
नई दिल्ली स्थित आवास पर चस्पा हुआ नोटिस
पिछली सुनवाई के दौरान अदालत के आदेशों की पालना करते हुए तामीलकर्ता अधिकारी एएसआई (ASI) संजय कुमार कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने अपने बयान में बताया कि 29 सितंबर 2026 को नई दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित आरोपी के आवास पर जाकर नियमानुसार मुनादी करवाई गई और उद्घोषणा का नोटिस चस्पा किया गया।
क्या है पूरा मामला?
यह धोखाधड़ी का मामला गुरुग्राम के सेक्टर 23 और 23ए स्थित प्लॉट से जुड़ा है। पंजाब के फाजिल्का जिले के सितो गुन्नो गांव निवासी धर्मवीर ने गुरुग्राम पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पिता सुनील और चाचा संदीप कुमार के नाम पर यहां प्लॉट थे।
मृतक के नाम पर फर्जीवाड़ा: शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 जनवरी 1996 को तत्कालीन हुडा (HSVP) विभाग ने उनके चाचा संदीप कुमार को सेक्टर 23/23ए में प्लॉट नंबर 4772 आवंटित किया था, जिसका अलॉटमेंट लेटर 12 अप्रैल 1996 को जारी हुआ था। 1 जुलाई 2004 को उनके चाचा संदीप का निधन हो गया।
रिश्तेदार ने रची साजिश: आरोप है कि संदीप के साढ़ू के.एल. बिश्नोई का उनके घर आना-जाना था और उन्हें इस प्लॉट की जानकारी थी।
नकली व्यक्ति को पेश कर लिया पजेशन: मामले में आरोपी विकास बिश्नोई ने हुडा अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर मृतक संदीप की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा किया और 28 अप्रैल 2016 को प्लॉट का पजेशन सर्टिफिकेट हासिल कर लिया। इससे पहले 19 फरवरी 2016 को प्लॉट की एनओसी (NOC) जारी करवाने के लिए संदीप कुमार के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए थे।
अब 27 नवंबर को होने वाली सुनवाई इस मामले में बेहद अहम मानी जा रही है, जहां कोर्ट यह तय करेगा कि आरोपियों के गिरफ्तारी वारंट रद्द किए जाएं या आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखी जाए।

