Yuva Haryana: राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI), करनाल में आयोजित राष्ट्रीय डेयरी मेला और कृषि एक्सपो-2026 के दौरान शनिवार को होल्सटीन फ्रीजियन (HF) क्रॉस-ब्रीड गाय ने एक दिन में 57.08 किलोग्राम दूध देकर सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन का पहला पुरस्कार जीता. इस उपलब्धि के साथ तीन दिवसीय मेले का समापन हुआ।
दुग्ध उत्पादन (HF क्रॉस) प्रतियोगिता में करनाल के संधीर गांव के पशुपालक रवि शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, कैमला गांव के नीरज ने 49 किलोग्राम और 47.06 किलोग्राम दूध उत्पादन के साथ क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अधिकारियों के अनुसार, इस मेले ने डेयरी किसानों, पशुपालकों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों, महिला डेयरी समूहों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को प्रतियोगिताओं, ज्ञान साझा करने, तकनीक प्रदर्शन और डेयरी क्षेत्र के आधुनिक घटनाक्रमों से जुड़ने के लिए एक साझा मंच प्रदान किया।
समापन समारोह की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक धीर सिंह ने की. इस अवसर पर हरियाणा गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन कुमार, हरियाणा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक प्रेम सिंह, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष अशोक कुमार सिरसी और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर भी मौजूद रहे।
धीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन वैज्ञानिक अनुसंधान और जमीनी स्तर की डेयरी प्रथाओं के बीच तालमेल को मजबूत करते हैं तथा किसानों को उन्नत तकनीकों, वैज्ञानिक पशु प्रबंधन और मूल्यवर्धित डेयरी उद्यमिता अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। मेले के आयोजन सचिव गोपाल संखाला ने रिपोर्ट प्रस्तुत की और मुर्राह श्रेणी के विजेताओं की घोषणा की। मुर्राह श्रेणी में नरवाना के अमित ने 26.28 किलोग्राम के सर्वाधिक दर्ज दूध उत्पादन के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

