Yuva Haryana : रेलवे भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एआई कैमरों ने कई संदिग्ध अभ्यर्थियों की पहचान की है। अंबाला छावनी के रेलवे स्टेडियम में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान आवेदन के समय जमा तस्वीर और परीक्षा स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों के चेहरे का मिलान किया जा रहा है। डेटा मैच नहीं होने पर एआई सिस्टम ने अलर्ट जारी किया, जिसके बाद संदिग्ध अभ्यर्थियों को पकड़ा गया।
शुक्रवार तक नौ संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़े गए
शुक्रवार शाम तक पांच और संदिग्ध अभ्यर्थियों को पकड़ा गया, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया में पकड़े गए संदिग्ध अभ्यर्थियों की संख्या नौ तक पहुंच गई। रेलवे प्रशासन की ओर से भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
आवेदन की फोटो से होता है चेहरा मैच
फर्जीवाड़े को रोकने के लिए भर्ती प्रक्रिया में आवेदन के समय जमा की गई तस्वीर और परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी के चेहरे का मिलान किया जा रहा है। जिन अभ्यर्थियों का चेहरा डेटाबेस से मैच नहीं हुआ, उनके लिए एआई सिस्टम ने अलर्ट जारी किया। इसके बाद पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की गई।
रेलवे स्टेडियम के आसपास सुरक्षा बढ़ी
भर्ती स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आरपीएफ के साथ आरपीएसएफ की अतिरिक्त टुकड़ियों को भी रेलवे स्टेडियम और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया है। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्र में केवल पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश देना और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना है।
20 से ज्यादा हाई-डेफिनिशन कैमरे लगाए गए
सुरक्षा घेरे के तहत जीटी रोड/बाउंड्री से लेकर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय और स्टेडियम तक अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। प्रवेश और मुख्य मार्गों पर 20 से अधिक हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।

