Yuva Haryana: कैथल में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात डोडापोस्त से भरे एक ट्रक का भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रक चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सामने आया कि ट्रक में केले के नीचे डोडापोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खड़े ट्रक में पीछे से घुसा दूसरा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, डोडापोस्त से भरा ट्रक जम्मू की ओर जा रहा था। खड़क पांडवा गांव के पास पहुंचने पर ट्रक चालक ने खराबी के चलते वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद ट्रक को ठीक करने के लिए स्थानीय मैकेनिक रामनिवास को बुलाया गया। रामनिवास और ट्रक चालक अनिल ट्रक के नीचे जाकर उसे ठीक करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि हेल्पर कुछ दूरी पर मौजूद था।
इसी दौरान जम्मू की तरफ से आ रहे केलों से भरे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चालक और मैकेनिक समेत 3 की मौत
दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक और मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक हेल्पर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
केले के नीचे छिपा था 8 क्विंटल डोडापोस्त
हादसे के बाद जब पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें केलों के नीचे छिपाकर रखा गया डोडापोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, ट्रक में करीब 8 क्विंटल डोडापोस्त था, जिसे करीब 40 कट्टों में भरकर रखा गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने डोडापोस्त को कब्जे में लेकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
मृतक अनिल के परिवार में पत्नी और दो बच्चे
मृतक ट्रक चालक अनिल कुमार जींद के उचाना के रहने वाले बताए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, अनिल ही ट्रक के मालिक भी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। वहीं, मैकेनिक रामनिवास खड़क पांडवा के रहने वाले थे और परिवार में अकेले कमाने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने मामले में डोडापोस्त को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है। हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।

